Rajasthan Update
Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.

ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट (ग्राम)–2026’ के तहत 26 अप्रैल को बेंगलुरु में रोडशो

कृषि, एग्रीटेक, निवेश और साझेदारी के अवसरों पर होगा मंथन

जयपुर, (25 अप्रैल 2026)। राजस्थान को कृषि नवाचार और एग्रीटेक निवेश का अग्रणी केंद्र बनाने की दिशा में राजस्थान सरकार एक और महत्वपूर्ण कदम उठाने जा रही है। इसी क्रम में ‘ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट (ग्राम)–2026’ के तहत 26 अप्रैल रविवार को बेंगलुरु में रोड शो आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन कृषि विभाग द्वारा किया जा रहा है।

यह रोड शो देश के प्रमुख टेक और स्टार्टअप हब बेंगलुरु में आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य एग्रीटेक क्षेत्र में निवेश आकर्षित करना, तकनीकी साझेदारियों को बढ़ावा देना तथा राजस्थान की कृषि क्षमताओं और नीतिगत प्रोत्साहनों को उद्योग जगत के समक्ष प्रस्तुत करना है।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा होंगे। कार्यक्रम में कृषि एवं उद्यानिकी मंत्री डॉ किरोड़ी लाल भी उपस्थित रहेंगे। वे राज्य में कृषि और एग्रीटेक क्षेत्र के विकास, निवेश-अनुकूल वातावरण और भविष्य की रणनीतियों पर अपने विचार साझा करेंगे।

इसके पूर्व ‘ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट (ग्राम)–2026’ की शृंखला की शुरुआत जयपुर में आयोजित कर्टेन रेज़र कार्यक्रम से हुई थी, जिसके बाद नई दिल्ली में भी सफलतापूर्वक रोडशो आयोजित किया गया। अब इसी क्रम को आगे बढ़ाते हुए बेंगलुरु में यह रोडशो आयोजित किया जा रहा है, जिससे देश के प्रमुख निवेश और टेक हब्स में ग्राम–2026 के लिए व्यापक सहभागिता सुनिश्चित की जा सके।

रोडशो के दौरान निवेशकों, एग्रीटेक कंपनियों, स्टार्टअप्स और नीति-निर्माताओं के बीच संवाद स्थापित कर संभावित सहयोग और साझेदारी के नए आयामों को तलाशा जाएगा। यह आयोजन ‘ग्राम–2026’ के प्रति जागरूकता बढ़ाने और राज्य को एग्रीटेक निवेश के प्रमुख गंतव्य के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.