Rajasthan Update
Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.

औद्योगिक निवेश में बढ़ता विश्वासः रीको करेगा 376 करोड़ रूपये के भूखण्ड आवंटित

जयपुर,(8 सितम्बर 2026)। रीको द्वारा हाल ही में आयोजित भूखण्डों की ई-नीलामी में उद्यमियों के रूझान को देखते हुए स्पष्ट है कि निवेशक राजस्थान में अधिक से अधिक औद्योगिक इकाइयां स्थापित करना चाहते हैं। राज्य की निवेश संवर्द्धन नीतियों के प्रति उद्यमियों का विश्वास निरंतर बढ़ रहा है। नीलामी में 102 भूखण्डों के लिए 200 से अधिक ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हुए। जिन भूखण्डों के लिये सफलतापूर्वक बिडिंग संपन्न हुई, उनका क्षेत्रफल करीब 62 एकड़ तथा कुल मूल्य लगभग 376 करोड़ रुपये हैं।

नीलामी में औद्योगिक भूखण्डों के साथ-साथ कियोस्क, होटल, वे-ब्रिज, स्कूल, दुकान, पेट्रोल पंप तथा कमर्शियल शोरूम जैसी विभिन्न श्रेणियों के भूखण्ड भी उद्यमियों के लिए उपलब्ध कराए गए। नीलामी में अजमेर, अलवर, भिवाड़ी, घीलोठ, जयपुर, नागौर, पाली, कोटा और सवाई माधोपुर सहित प्रदेश के अनेक जिलों के औद्योगिक क्षेत्रों को शामिल किया गया।

इनमें आबूरोड के ग्रोथ सेंटर द्वितीय चरण एवं सरणेश्वर, भीलवाड़ा के ग्रोथ सेंटर हमीरगढ़, भिवाड़ी के औद्योगिक क्षेत्र कहारनी, औद्योगिक क्षेत्र घीलोठ, जयपुर के औद्योगिक क्षेत्र बगरू-छितरौली, कोटा के औद्योगिक क्षेत्र इंद्रप्रस्थन तथा पाली के औद्योगिक क्षेत्र नया गांव के लिए उद्यमियों का विशेष रुझान देखने को मिला।

इन भूखण्डों पर स्थापित होने वाली औद्योगिक एवं व्यावसायिक इकाइयां प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के व्यापक अवसर सृजित करेंगी। इससे राजस्थान के औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी तथा युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार खुलेंगे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.