Rajasthan Update
Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.

प्रदेश में 8 जिलों के उप जिला चिकित्सालयों के भवन निर्माण के लिए 280 करोड़ रुपये स्वीकृत 8 उप जिला चिकित्सालयों के लिए प्रत्येक को 35 करोड़ रुपये

आमजन को नजदीक ही मिलेंगी बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं

जयपुर, (19 अगस्त 2026)। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश में चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार और स्वास्थ्य सेवाओं के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए 8 क्रमोन्नत उप जिला चिकित्सालयों के भवन निर्माण के लिए कुल 280 करोड़ रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति जारी की गई है। प्रत्येक उप जिला चिकित्सालय के भवन निर्माण के लिए 35 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य आमजन को उनके नजदीक ही गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। इसी दिशा में अस्पतालों के भवन, चिकित्सा सुविधाओं और आवश्यक संसाधनों को मजबूत किया जा रहा है।

प्रमुख शासन सचिव, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य गायत्री राठौड़ ने बताया कि राज्य सरकार प्रदेश में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इन अस्पतालों के नए एवं सुदृढ़ भवनों के निर्माण से संबंधित क्षेत्रों के लोगों को आधुनिक एवं बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी तथा स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार होगा।

उन्होंने बताया कि इन उप जिला चिकित्सालयों के भवन निर्माण के लिए सूरतगढ़ (श्रीगंगानगर), बिलाड़ा (जोधपुर), देचू (फलोदी), खाजूवाला (बीकानेर), प्रतापपुर (बांसवाड़ा), रायपुर (ब्यावर), खण्डार (सवाई माधोपुर) और छबड़ा (बारां) को प्रत्येक के लिए 35 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इस प्रकार इन 8 उप जिला चिकित्सालयों के भवन निर्माण के लिए कुल 280 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। इससे संबंधित क्षेत्रों में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार के साथ मरीजों को बेहतर उपचार एवं स्वास्थ्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी।

राज्य सरकार की इन स्वीकृतियों से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में चिकित्सा सेवाओं के विस्तार, अस्पतालों के आधारभूत ढांचे के सुदृढ़ीकरण और आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का मार्ग प्रशस्त होगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.