Rajasthan Update
Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.

हिमाचल के शमशी में राजस्थान के 472 रिक्रूट कांस्टेबलों के प्रशिक्षण का एडीजीपी रूपिन्दर सिंघ ने लिया जायजा—

बैरक, मैस एवं प्रशिक्षण गतिविधियों का किया निरीक्षण, सैनिक सम्मेलन में जवानों से किया संवाद

जयपुर, (17 सितम्बर 2026)। अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस, आर्म्ड बटालियन्स एवं एसडीआरएफ, राजस्थान रूपिन्दर सिंघ ने 16 एवं 17 सितम्बर को अतिरिक्त प्रशिक्षण केन्द्र, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), शमशी, हिमाचल प्रदेश का दो दिवसीय दौरा किया।

दौरे के दौरान सिंघ ने केन्द्र में आर्म्ड बटालियन्स के 472 रिक्रूट कांस्टेबलों को दिए जा रहे प्रशिक्षण का अवलोकन किया। उन्होंने विभिन्न प्रशिक्षण गतिविधियों की जानकारी लेते हुए प्रशिक्षण की गुणवत्ता, अनुशासन एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

सिंघ ने प्रशिक्षण केन्द्र के क्वार्टर गार्ड का दौरा कर गार्ड ऑफ ऑनर प्राप्त किया। इसके बाद केन्द्र के अधिकारियों के साथ बैठक कर रिक्रूट कांस्टेबलों के प्रशिक्षण, अनुशासन एवं अन्य व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सैनिक सम्मेलन में जवानों से किया सीधा संवाद—

दौरे के दौरान आयोजित सैनिक सम्मेलन में सिंघ ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे जवानों को संबोधित किया। उन्होंने जवानों से संवाद करते हुए उनकी समस्याओं, सुझावों एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने जवानों से व्यक्तिगत बातचीत कर उनके प्रशिक्षण एवं दैनिक जीवन से जुड़े विषयों पर भी चर्चा की।

बैरक और मैस की व्यवस्थाएं भी देखी—

सिंघ ने प्रशिक्षण केन्द्र की बैरकों एवं मैस का निरीक्षण कर जवानों को उपलब्ध कराई जा रही आवासीय एवं भोजन संबंधी सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की तथा जवानों के कल्याण और सुविधाओं को लेकर आवश्यक निर्देश दिए।

दो दिवसीय दौरे में सिंघ ने 472 रिक्रूट कांस्टेबलों के प्रशिक्षण, अनुशासन, रहन-सहन एवं कल्याण संबंधी व्यवस्थाओं का व्यापक अवलोकन किया और प्रशिक्षण की गुणवत्ता के साथ जवानों की सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

Leave A Reply

Your email address will not be published.