Rajasthan Update
Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.

एचसीएम रीपा में 2024 बैच के प्रोबेशनर्स आईएएस अधिकारियों का विदाई सत्र

प्रशिक्षण बेहतर प्रशासन के साथ कार्यकुशलता व संवेदनशील निर्णय की आधारशिला - मुख्य सचिव

जयपुर, (25 अप्रैल 2026)। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने हरीशचन्द्र माथुर राजस्थान राज्य लोक प्रशासन संस्थान (एचसीएम रीपा) में वर्ष 2024 बैच के प्रोबेशनर्स आईएएस अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि आप सभी लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी, मसूरी में होने वाले आगामी चार माह के अंतिम चरण के प्रशिक्षण को पूर्ण निष्ठा और समर्पण के साथ संपन्न करें। उन्होंने कहा कि अगस्त 2026 में एसडीएम के रूप में कार्यभार संभालने के दौरान यह प्रशिक्षण उन्हें कार्यकुशलता और संवेदनशीलता के साथ निर्णय लेने में सहायक सिद्ध होगा।

मुख्य सचिव वर्ष-2024 बैच के प्रोबेशनर्स आईएएस अधिकारियों के लिए आयोजित विदाई सत्र को संबोधित कर रहे थे।

हरीशचन्द्र माथुर राजस्थान राज्य लोक प्रशासन संस्थान की महानिदेशक श्रेया गुहा ने इन अधिकारियों द्वारा प्रस्तुत की गई जिला प्रशिक्षण रिपोर्ट और राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं पर आधारित प्रस्तुतियों का मुख्य सचिव को अवलोकन करवाया। इस दौरान गुहा ने एचसीएम रीपा संस्थान को देश का अग्रणी राज्य स्तरीय प्रशिक्षण केंद्र बताते हुए यहाँ संचालित प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी भी दी ।

गुहा ने प्रोबेशनर्स अधिकारियों के साथ अपने अनुभव साझा करते हुए उन्हें भविष्य में लोक सेवा की उच्चतम मर्यादाओं को बनाए रखने की प्रेरणा दी।

कार्यक्रम के दौरान इन अधिकारियों ने अपने जिला प्रशिक्षण के अनुभवों को साझा करते हुए राज्य की प्रमुख विकास योजनाओं के क्रियान्वयन और क्षेत्रीय चुनौतियों पर अपनी विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि क्षेत्रीय प्रशिक्षण के माध्यम से उन्हें धरातल पर प्रशासनिक व्यवस्थाओं को समझने और आमजन की समस्याओं के निराकरण का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त हुआ है। इन प्रस्तुतियों में राज्य के विकास के प्रति इन अधिकारियों के नवीन दृष्टिकोण, नवाचार को सभी ने सराहा ।

इस अवसर पर वरिष्ठ आईएएस अधिकारी हेमंत गेरा, अम्बरीष कुमार तथा समित शर्मा ने भी सभी युवा अधिकारियों को उनकी आगामी नई भूमिकाओं के लिए हार्दिक शुभकामनाएँ प्रेषित की।

उल्लेखनीय है कि प्रशिक्षण के इस महत्वपूर्ण चरण को सफलतापूर्वक पूर्ण करने के पश्चात 2024 बैच के ये अधिकारी अब अपने प्रशिक्षण के समापन के लिए मसूरी के लिए प्रस्थान करेंगे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.