Rajasthan Update
Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.

मानसून को देखते हुए नगर परिषद सीकर ने तेज किया नालों-नालियों की सफाई अभियान

सीकर, (24 मई 2026)। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-2026 एवं आगामी मानसून सीजन को ध्यान में रखते हुए नगर परिषद सीकर द्वारा शहर के निचले एवं संवेदनशील क्षेत्रों में बड़े नालों व नालियों की विशेष सफाई अभियान को तेज गति से चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार को जयपुर रोड स्थित सब्जी मंडी व जगमाल पुरा रोड़ क्षेत्र में फैरो कंवर को क्रेन से हटाकर व्यापक स्तर पर नालों एवं नालियों की सफाई करवाई गई।

अभियान के दौरान सफाई कर्मचारियों एवं मशीनों की सहायता से नालों में जमा गाद, कचरा एवं अवरोधों को हटाकर जल निकासी व्यवस्था को सुचारू बनाया गया, ताकि बारिश के दौरान जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो तथा आमजन को परेशानी का सामना न करना पड़े।

नगर परिषद सीकर के वरिष्ठ आयुक्त शशिकांत शर्मा ने बताया कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-2026 के अंतर्गत शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं जलभराव मुक्त बनाने के उद्देश्य से परिषद द्वारा निरंतर विशेष सफाई अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मानसून से पूर्व सभी बड़े नालों, नालियों एवं जल निकासी मार्गों की सफाई प्राथमिकता के आधार पर करवाई जा रही है, ताकि बारिश के समय शहरवासियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।उन्होंने आमजन से भी अपील की कि नालों एवं नालियों में कचरा, प्लास्टिक एवं अन्य अपशिष्ट सामग्री नहीं डालें तथा शहर को स्वच्छ बनाए रखने में नगर परिषद का सहयोग करें।

Leave A Reply

Your email address will not be published.