Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.
राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं से आमजन को अधिकाधिक लाभान्वित करें : जिला प्रभारी सचिव सुबीर कुमार
जिला प्रभारी सचिव ने ली जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक
सीकर, (24 मई 2026)। जिला प्रभारी सचिव एवं प्रमुख शासन सचिव आयुर्वेद एवं भारतीय चिकित्सा पद्धति विभाग सुबीर कुमार ने रविवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर 25 मई 2026 से शुरू हो रहे वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान, हरियालों राजस्थान, कर्मभूमि से मातृभूमि अभियान, समर कंटीजेंसी प्लान सहित राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं एवं बजट घोषणाओं की विस्तृत समीक्षा कर संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक प्रगति हासिल करने के निर्देश दिए।
प्रभारी सचिव कुमार ने 25 मई से 5 जून 2026 तक आयोजित होने वाले वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत अधिक से अधिक जनजागरूकता करने, जल संरक्षण संरचनाओं की साफ-सफाई करवाने तथा नई संरचनाओं के निर्माण के निर्देश दिए। उन्होंने 5 जून 2026 से आरंभ होने वाले हरियालो राजस्थान अभियान की अग्रिम तैयारियां अभी से शुरू करने के निर्देश देते हुए कहा कि सीकर जिले में 31 लाख पौधारोपण लक्ष्य को सफल बनाने के लिए गड्ढे खोदने सहित अन्य तैयारियां समय पर पूर्ण की जाएं। उन्होंने पौधों के संरक्षण एवं रखरखाव की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए, ताकि पौधे लंबे समय तक जीवित रह सकें।जिला प्रभारी सचिव सुबीर कुमार ने कर्मभूमि से मातृभूमि अभियान के तहत भामाशाहों के सहयोग से अधिक से अधिक रिचार्ज शाफ्ट, सोक पिट एवं अन्य जल संरक्षण संरचनाओं के निर्माण के निर्देश दिए। समर कंटीजेंसी प्लान की समीक्षा करते हुए उन्होंने जलदाय विभाग को ऐसे क्षेत्रों की पहचान करने के निर्देश दिए, जहां पेयजल आपूर्ति नहीं हो रही है अथवा आपात स्थिति बनी हुई है। उन्होंने ऐसे क्षेत्रों में टैंकरों एवं अन्य संसाधनों के माध्यम से नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा। भीषण गर्मी को देखते हुए उन्होंने जलदाय विभाग, ऊर्जा विभाग, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग सहित संबंधित विभागों की जिला एवं उपखंड स्तर पर नियमित समीक्षा बैठकें आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कुसुम योजना के कंपोनेंट ए, बी एवं सी में प्रगति बढ़ाने तथा सरकारी कार्यालयों में सोलर प्लांट स्थापित करने के निर्देश दिए। साथ ही लाडो प्रोत्साहन योजना के प्रभावी प्रचार-प्रसार एवं मां योजना के तहत जिले की समस्त सरकारी एवं निजी चिकित्सा संस्थाओं में लक्ष्य एवं क्लेम्स की प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए।
जिला प्रभारी सचिव सुबीर कुमार ने स्वच्छ भारत मिशन के तहत स्वच्छता एवं गंदे पानी के निस्तारण पर विशेष जोर देते हुए फतेहपुर-लक्ष्मणगढ़ वृहद पेयजल योजना को शीघ्र संचालित करने के लिए ट्रांसफार्मर लगाने के निर्देश दिए। बैठक में पंच गौरव योजना, पंडित दीनदयाल उपाध्याय गरीबी मुक्त ग्राम योजना, नमो ड्रोन दीदी, लखपति दीदी, बैंक सखी, कृषि सखी एवं पशु सखी योजनाओं की भी समीक्षा की गई तथा प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए गए। इस दौरान उन्होंने बजट घोषणाओं की समीक्षा करते हुए समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।प्रभारी सचिव कुमार ने वैश्विक ऊर्जा संकट के मद्देनजर डीजल, पेट्रोल एवं एलपीजी की जमाखोरी करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए असामाजिक तत्वों के खिलाफ पुलिस द्वारा प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।बैठक में जिला कलेक्टर आशीष मोदी ने प्रभारी सचिव को आश्वस्त किया कि बैठक में जो भी मार्गदर्शन दिया है उसका फोलोअप किया जायेगा।बैठक में पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक नुनावत, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेजपाल सिंह, एडीएम सिटी भावना शर्मा, जिला परिषद के सीईओ राजपाल यादव, यूआईटी सचिव जेपी गौड़, अधीक्षण अभियंता वाटरशेड रमेश मीणा, डीएफओ दीपक कुमार, अधीक्षण अभियंता पीएचईडी रामकुमार चाहिल, अधीक्षण अभियंता पीडब्ल्यूडी जे.पी. यादव सहित संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहें।