Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.
सीकर पुलिस ने फिट इंडिया मिशन के तहत निकाली साइकिल रैली, युवाओं को दिया स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश
पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में योग, जुंबा और रोप स्किपिंग गतिविधियों का हुआ आयोजन
सीकर, (24 मई 2026)। फिट इंडिया मिशन के तहत सीकर पुलिस द्वारा पुलिस लाइन परिसर में फिटनेस एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिसकर्मियों, युवाओं, विद्यार्थियों तथा आमजन ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान योग, जुंबा, रोप स्किपिंग और साइकिल रैली जैसी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं।कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक योग अभ्यास से हुई। योग प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम करवाते हुए उनके स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी। इसके बाद आयोजित जुंबा सेशन में युवाओं और महिलाओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। संगीत की धुन पर प्रतिभागियों ने फिटनेस गतिविधियों का आनंद लिया।इसके साथ ही रोप स्किपिंग प्रतियोगिता और अन्य फिटनेस एक्टिविटी भी आयोजित की गईं। बच्चों और युवाओं ने इनमें बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण साइकिल रैली रही। पुलिस लाइन से निकली इस रैली में बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया और शहरवासियों को फिट रहने तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
साइकिल रैली के दौरान “फिट शरीर, स्वस्थ मन, स्वस्थ समाज और स्वस्थ भारत” का संदेश दिया गया।कार्यक्रम में मौजूद पुलिस अधिकारियों ने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही मजबूत समाज और राष्ट्र की पहचान होते हैं।कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को नियमित रूप से फिटनेस गतिविधियों से जुड़ने का संकल्प दिलाया गया। आयोजन के दौरान अनुशासन और उत्साह का माहौल देखने को मिला तथा युवाओं में फिट इंडिया मिशन को लेकर खासा उत्साह नजर आया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक नूनावत, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेजपाल सिंह, पुलिस उपाधीक्षक संदीप सहित काफी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक नूनावत ने बताया कि फिट इंडिया मिशन का उद्देश्य लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि आज की व्यस्त जीवनशैली में फिट रहना बेहद जरूरी है। नियमित योग, व्यायाम और खेल गतिविधियों से व्यक्ति शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहता है। उन्होंने युवाओं से मोबाइल और सोशल मीडिया से समय निकालकर खेल एवं फिटनेस गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।