Rajasthan Update
Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.

विषम परिस्थितियों में भी आपूर्ति सुचारु करने के लिए डटे रहे विद्युत कार्मिक

देर रात्रि तक अधिकतर क्षेत्रों में बहाल की सप्लाई

जयपुर,( 3 मई 2026)। जयपुर विद्युत वितरण निगम के विभिन्न सर्किलों में शनिवार शाम को तेज अंधड़ एवं वर्षा के कारण विद्युत तंत्र को क्षति पहुंची। कई स्थानों पर पेड़ की डालियां एवं हॉर्डिंग्स आदि टूट कर विद्युत तारों एवं कंडक्टर पर जा गिरे, जिससे विद्युत आपूर्ति प्रभावित हुई। निगम के अभियंता एवं फॉल्ट रेक्टिफिकेशन टीम आपूर्ति में व्यवधान को दूर करने के लिए तत्परता से जुट गए। अधिकतर इलाकों में रात को ही सप्लाई बहाल कर दी गई थी।

तूफान के तुरंत बाद निदेशक (तकनीकी) आरके शर्मा जयपुर डिस्कॉम के राममंदिर स्थित केन्द्रीकृत कॉल सेंटर पहुंचे और वहां उपभोक्ताओं की ‘नो करेंट’ संबंधी समस्याओं के तत्काल निराकरण की मॉनीटरिंग में जुट गए। डिस्कॉम्स चेयरमैन सुश्री आरती डोगरा भी रात करीब 11.30 बजे कॉल सेंटर पहुंच गई और देर रात करीब 1 बजे तक कॉल सेंटर से ही सभी अभियंताओं एवं फील्ड में विद्युत आपूर्ति को बहाल करने के लिए किए जा रहे प्रयासों का जायजा लिया। जयपुर के चारों सर्किलों में अधिशासी अभियंता एवं सहायक अभियंता विद्युत आपूर्ति सुचारू करने के प्रयासों में जुटे रहे।

तूफान से अधिक प्रभावित जयपुर जिला सर्किल के चौमू, जोबनेर, दूदू, हाथोज, हरमाडा, जमवारामगढ़ क्षेत्र तथा जयपुर शहर के वैशालीनगर, मुरलीपुरा, विश्वकर्मा औद्योगिक क्षेत्र, जगतपुरा, सीकर रोड स्थित अधिकतर कॉलोनियों में रात्रि को ही सप्लाई सुचारू कर दी गई थी।

11 केवी और 33 केवी के 435 फीडरों में से 408 फीडरों में सप्लाई बहाल-

तूफान से जयपुर जिला उत्तर एवं जयपुर जिला दक्षिण सर्किल में 333 वितरण ट्रांसफार्मरों तथा 1552 विद्युत खंभों को नुकसान पहुंचा, जिनमें से 239 ट्रांसफार्मरों तथा 1295 पोल को रविवार दोपहर तक दुरूस्त कर लिया गया था। इसी तरह 11 केवी के 423 फीडरों तथा 33 केवी के 12 फीडरों से विद्युत आपूर्ति में व्यवधान आया, जिनमें से 11 केवी के 396 फीडरों तथा 33 केवी के प्रभावित सभी 12 फीडरों में आपूर्ति बहाल कर दी गई है।

तूफान का जयपुर जोन के जयपुर जिला दक्षिण एवं उत्तर सर्किल सहित दौसा, टोंक एवं कोटपूतली सर्किल में भी असर रहा। जयपुर जोन में कुल 433 वितरण ट्रांसफॉर्मरों को क्षति पहुंची। रविवार दोपहर तक इनमें से 305 ट्रांसफॉर्मरों को सुचारू कर दिया गया था। जोन में 2351 विद्युत पोल क्षतिग्रस्त हुए। इनमें से 1711 विद्युत पोल दुरूस्त कर दिए गए थे। वहीं 11 केवी के 640 फीडर में से 583 फीडरों तथा 33 केवी के प्रभावित सभी 35 फीडरों में विद्युत आपूर्ति को यथावत कर दिया गया है। जयपुर, भरतपुर एवं कोटा जोन में इस अंधड़ के कारण 2784 गांव, कस्बों एवं शहरों में विद्युत आपूर्ति पर असर पड़ा, जिनमें से 2506 में आपूर्ति बहाल कर दी गई है। शेष में भी आपूर्ति सुचारू करने के लिए टीम जुटी हुई हैं।

दर्ज हुईं 2245 शिकायतें, 2171 का हुआ समाधान—

केन्द्रीकृत कॉल सेंटर पर शनिवार को विद्युत आपूर्ति में व्यवधान से संबंधित जयपुर शहर एवं जयपुर जिला सर्किल के उपभोक्ताओं की कुल 2245 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 2171 का समाधान कर दिया गया। कुल 74 शिकायतें अभी लंबित हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.