Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.
स्पीकर डॉ. देवनानी ने विधान सभा के 52 कर्मियों को दी पदोन्नति
विधानसभाकर्मियों में खुशी की लहर, डॉ. देवनानी का जताया आभार
जयपुर, (3 मई 2026)। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. वासुदेव देवनानी ने विधानसभा सचिवालय के 52 अधिकारियों और कर्मचारियों को पदोन्नति दी है। देवनानी के निर्देशानुसार विधानसभा सचिवालय द्वारा बुद्ध पूर्णिमा के दिन जारी किए आदेशों में छः उप सचिव, सात सहायक सचिव, 8 अनुभाग अधिकारी, चार सहायक अनुभाग अधिकारी, दो क्लर्क ग्रेड प्रथम, आठ क्लर्क ग्रेड द्वितीय, बारह जमादार और एक-एक पद पर संपादक, सहायक संपादक, पुस्तकालयाधिकारी, उप पुस्तकालयाध्यक्ष व विधि रचना अधिकारी बनाए गए हैं।
स्पीकर देवनानी ने 20 चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को पदोन्नत किया है। इस निर्णय से विधान सभा के कार्मिकों में खुशी की लहर है। अधिकारियों और कर्मचारियों में उत्साह एवं नई ऊर्जा का संचार हुआ है। स्पीकर डॉ. देवनानी का विधानसभा के अधिकारियों और कर्मचारियों ने आभार जताया है।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि पदोन्नति केवल पद में वृद्धि नहीं, बल्कि कर्तव्य, जिम्मेदारी और जनसेवा के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने सभी पदोन्नत अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शुभकामनाएं देते हुए अपेक्षा व्यक्त की कि वे अपनी नई जिम्मेदारियों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, पारदर्शिता एवं दक्षता के साथ करेंगे।
उल्लेखनीय है कि विधानसभा अध्यक्ष डॉ. देवनानी ने इससे पहले भी स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त, 2024 को 47 और दीपावली पर्व पर 13 अक्टूबर, 2025 को 22 अधिकारियों व कर्मचारियों को भी पदोन्नति दी थी। स्पीकर देवनानी ने गत दो वर्षों में राजस्थान विधानसभा के 121 अधिकारियों और कर्मचारियों को पदोन्नत किया है। विधानसभा के अधिकारियों ने बताया कि कदाचित विधान सभा के इतिहास में यह पहला अवसर है, जब विधान सभा कर्मियों को मई माह में ही पदोन्नति का लाभ मिल गया है। इस बार की पदोन्नति में सबसे अधिक लाभ चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को मिला है, जिन्हें अनेक वर्षों से अपनी पदोन्नति का इंतजार था। स्पीकर डॉ. देवनानी को जब पता चला कि चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की पदोन्नति बहुत समय से लंबित चल रही है, तो उन्होंने चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की पदोन्नति प्रक्रिया को त्वरित गति से पूरा करवाया। श्री देवनानी की संवेदनशीलता से विधानसभा कर्मियों को इस वित्तीय वर्ष के प्रारंभ में ही पदोन्नति का लाभ मिल गया है।
डॉ. देवनानी ने कहा कि विधानसभा सचिवालय लोकतांत्रिक व्यवस्था का एक महत्वपूर्ण अंग है और इसकी कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी एवं उत्तरदायी बनाने में कार्मिकों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने विश्वास जताया कि पदोन्नत कार्मिक अपने कार्यों से संस्था की गरिमा और प्रतिष्ठा को और ऊंचाइयों तक ले जाएंगे।