Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.
झुंझुनूं में भीषण गर्मी के कहर को देखते सीएमएचओ डॉ. छोटेलाल गुर्जर ने जारी की हीट वेव एडवाइजरी, चिकित्सा संस्थानों को अलर्ट रहने के निर्देश
झुंझुनूं (27 मई 2026)। जिले में गर्मी ने इस बार अपने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। बुधवार को पिलानी मौसम केंद्र पर इस सीजन का अब तक का सर्वाधिक 47 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। भीषण गर्मी और तेज लू के चलते आमजन का जनजीवन प्रभावित हो गया। सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं का असर देखने को मिला, वहीं दोपहर के समय बाजारों और सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। लोग घरों में रहने को मजबूर नजर आए।
लगातार बढ़ते तापमान और हीट वेव की स्थिति को देखते हुए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग भी पूरी तरह सतर्क हो गया है। सीएमएचओ झुंझुनूं डॉ. छोटेलाल गुर्जर ने जिलेवासियों से विशेष सावधानी बरतने और हीट वेव एडवाइजरी की पालना करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अत्यधिक गर्मी में दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचें। पर्याप्त मात्रा में पानी, छाछ, नींबू पानी, ओआरएस एवं अन्य तरल पदार्थों का सेवन करते रहें ताकि शरीर में पानी की कमी नहीं हो।
उन्होंने कहा कि छोटे बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं तथा गंभीर बीमारियों से पीड़ित व्यक्तियों का विशेष ध्यान रखना आवश्यक है। तेज धूप में निकलते समय सिर को कपड़े या टोपी से ढकें तथा हल्के सूती कपड़ों का उपयोग करें। यदि किसी व्यक्ति को चक्कर आना, उल्टी, तेज बुखार, अत्यधिक कमजोरी या बेहोशी जैसी समस्या हो तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर संपर्क करें।
सीएमएचओ डॉ. छोटेलाल गुर्जर ने जिले के सभी राजकीय चिकित्सा संस्थानों के प्रभारियों को हीट वेव अलर्ट के मद्देनजर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अस्पतालों में पर्याप्त पेयजल, ओआरएस पैकेट, आवश्यक दवाइयों, बिजली व्यवस्था एवं कूलिंग सुविधाओं को सुचारु रखने को कहा है। साथ ही हीट स्ट्रोक एवं लू से प्रभावित मरीजों के उपचार के लिए विशेष व्यवस्थाएं करने तथा आपातकालीन सेवाओं को अलर्ट मोड पर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से आमजन से अपील की गई है कि गर्मी के इस दौर में सावधानी ही बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है। प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं तथा आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त व्यवस्थाएं भी की जाएंगी।