Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.
विटामिन-ए कार्यक्रम का 50वां चरण 29 मई से 29 जून तक
5 वर्ष के करीब दो लाख बच्चों को विटामिन-ए की खुराक पिलाएंगे
झुंझुनूं (27 मई 2026)। विटामिन-ए की कमी के कारण बच्चों पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों को रोकने के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग एवं चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त प्रयासों से 9 माह से 5 वर्ष की आयु वर्ग के बच्चों को वर्ष में दो बार विटामिन-ए की खुराक पिलाने का विशेष कार्यक्रम चलाया जा रहा है। कार्यक्रम का 50 वां चरण 29 मई से 29 जून तक संचालित किया जाएगा। सीएमएचओ डॉ. छोटेलाल गुर्जर ने बताया कि यह खुराक हर छह माह के अंतराल पर पिलाई जाती है। उन्होंने बताया कि विटामिन-ए आंखों की बीमारियों जैसे रतौंधी व अंधता के साथ बच्चों में रोग प्रतिरोधक क्षमता में वृद्धि करने के लिए भी आवश्यक है। विटामिन-ए से बच्चों में दस्त एवं निमोनिया जैसी बीमारियों के घातक प्रभाव में कमी लाई जा सकती है।
उन्होंने बताया कि इस अभियान के दौरान आंगनवाड़ी कार्यकर्ता आंगनवाड़ी केंद्रों पर एक से पांच वर्ष तक के बच्चों को विटामिन-ए की दो एमएल खुराक पिलाएंगी तथा 9 माह के बच्चों को, जिन्हें मीजल्स के साथ विटामिन-ए नहीं दी गई है, उन्हें विटामिन-ए की एक एमएल खुराक पिलाई जाएगी। जिन स्थानों पर आंगनवाड़ी केंद्र नहीं हैं, वहां एएनएम 5 वर्ष तक के बच्चों को विटामिन-ए की खुराक पिलाएंगी।
डिप्टी सीएमएचओ एवं नोडल अधिकारी डॉ. अरुण अग्रवाल ने बताया कि इस अभियान के दौरान 9 माह से 5 वर्ष तक के 1 लाख 94 हजार 511 बच्चों को विटामिन-ए की खुराक आंगनवाड़ी केंद्रों सहित जिले के सभी उप स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं जिला अस्पतालों में पिलाई जाएगी। इसके लिए सभी चिकित्सा अधिकारी प्रभारियों तथा एएनएम को दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।