Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.
झुंझुनू, (27 मई 2026)। सरकारी खरीद प्रक्रिया को अधिक सुगम, पारदर्शी और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से बुधवार को जिला परिषद सभागार में जेम (गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस) पोर्टल पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लेकर ऑनलाइन सरकारी खरीद प्रणाली की जानकारी प्राप्त की।
इस दौरान कोषाधिकारी डॉ. सतीश खेदड़ ने कहा कि वर्तमान समय में डिजिटल प्रक्रियाओं को अपनाना प्रशासनिक कार्यों की आवश्यकता बन चुका है। जेम पोर्टल के माध्यम से सरकारी विभागों को पारदर्शी, समयबद्ध और प्रतिस्पर्धात्मक तरीके से खरीद करने की सुविधा मिलती है। इससे न केवल खरीद प्रक्रिया सरल होती है, बल्कि सरकारी संसाधनों के बेहतर उपयोग और जवाबदेही को भी बढ़ावा मिलता है।
इस अवसर पर अतिरिक्त कोषाधिकारी डॉ. अनूप सैनी ने जेम पोर्टल की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह प्लेटफॉर्म सरकारी खरीद प्रणाली में पारदर्शिता, दक्षता और प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देता है। उन्होंने बताया कि जेम पोर्टल के जरिए विभागों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं एवं उत्पाद उचित दरों पर उपलब्ध हो पाते हैं तथा खरीद प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब की संभावना भी कम होती है।
प्रशिक्षण के दौरान वित्त विभाग से आए प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को जेम पोर्टल की कार्यप्रणाली, रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया, बिडिंग, उत्पाद चयन, ऑर्डर प्लेसमेंट तथा भुगतान प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
प्रशिक्षण सत्र में प्रतिभागियों को ऑनलाइन खरीद प्रणाली के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया गया तथा जेम पोर्टल पर कार्य करने की व्यावहारिक जानकारी दी गई। साथ ही प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए पोर्टल के उपयोग से संबंधित व्यवहारिक पहलुओं पर भी चर्चा की गई।