Rajasthan Update
Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.

जिले में वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान का आगाज़

जिले में 5 जून से 20 जून तक अभियान के तहत होंगें विभिन्न कार्यक्रम

झुंझुनू, (5 जून 2025)। गंगा दशहरा व विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर गुरूवार को ‘वंदे गंगा जल संरक्षण’ जन अभियान का आगाज जिले की मंडावा पंचायत की तेतरा ग्राम पंचायत से हुआ। जिला स्तरीय कार्यक्रम की जिले के प्रभारी मंत्री व सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के मंत्री अविनाश गहलोत ने राजकीय विद्यालय के पास पौधरोपण कर अभियान की विधिवत शुरुआत की। यहां महिलाओं ने मंगल गीत गाते हुए कलश यात्रा निकालकर पर्यावरण और जल संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान मंत्री गहलोत ने विधिवत पूजा अर्चना के ऐतिहासिक महत्व के पक्के पुराने जोहड़ का पूजन किया और श्रमदान कर जल संरक्षण के महत्व को बताया। इसी कार्यक्रम में ‘कर्मभूमि से मातृभूमि‘ जन अभियान के तहत जल संरक्षण से जुड़ी संरचनाओं का भी कार्य शुरु किया । प्रभारी मंत्री अविनाश गहलोत ने कहा कि पूरे प्रदेश में आज से वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान व हरियालो राजस्थान के कार्यक्रम की शुरुआत की जा रही है। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत जिले में 22 लाख पौधे लगाने व वर्षा जल संरक्षण को लेकर विभिन्न कार्यक्रम का इस पखवाड़े में आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने ग्रामीणों और युवाओं से आह्वान किया कि वे इस अभियान को जन-आंदोलन का रूप देवें। जल संरक्षण न केवल आज की जरूरत है, बल्कि भावी पीढ़ियों के लिए एक अमूल्य धरोहर भी है। अभियान के तहत इनमें जल स्रोतों की सफाई, जल सरंक्षण संरचनाओं का निर्माण, पौधरोपण, जन संवाद, जन रैलियां, श्रमदान और जल प्रहरी नियुक्ति जैसे कार्यक्रम प्रमुख रहेंगे। कार्यक्रम के प्रभारी सचिव आईएएस अनिल कुमार अग्रवाल ने इसे कार्यकर्ताओं व आमजन के सहयोग से जनांदोलन बनाने की बात कही। जिला कलक्टर रामावतार मीणा ने स्वागत उद्बोधन देते हुए जिले में किए जाने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा बताई। उन्होंने विश्वास दिलाया कि आमजन के सहयोग इस अभियान को जिले में सफल बनाया जाएगा।

जलाशय पूजन के तुरंत बाद शुरु हुई बूंदाबांदी:

वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान के जिला स्तरीय कार्यक्रम के दौरान जिले के प्रभारी मंत्री अविनाश गहलोत के जलाशय पूजन एवं श्रमदान के दौरान अनूठा संयोग बना। जोहड़ में मौजूद मेंढ़कों द्वारा एक साथ आवाज करने से माहौल सकारात्मक बन गया। जलाशय पूजन के तुरंत बाद शुरू हुई बूंदाबांदी भी शुभ संकेत के रूप में चर्चा का विषय रहा। कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री गहलोत द्वारा जल व पर्यावरण संरक्षण की शपथ भी दिलवाई गई।

इन्होंने किया संबोधित:

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए झुंझुनूं विधायक राजेंद्र भांबू ने पर्यावरण व जल संरक्षण के लिए पीएम नरेंद्र मोदी के प्रयासों के बारे में बताया। पूर्व सांसद नरेंद्र कुमार ने वंदे गंगा अभियान के संबंध में पीएम नरेंद्र मोदी व सीएम भजनलाल शर्मा का विजन आमजन के समक्ष रखा। अभियान के जिला संयोजक विशंभर पूनिया ने जल को दूध-घी से ज्यादा कीमती बताते हुए इसके संरक्षण की बात कही। बनवारी सैनी ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

समस तालाब पर हुआ झुंझुनू ब्लॉक का कार्यक्रम:

झुंझुनू उपखंड स्तरीय कार्यक्रम जिला मुख्यालय के समस तालाब के पास आयोजित किया गया। कार्यक्रम में झुंझुनूं विधायक राजेन्द्र भाम्बू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं अतिथि के रूप में आईएएस अनिल कुमार अग्रवाल, जिला कलेक्टर रामावतार मीणा, बनवारी लाल सैनी, विशंभर पूनिया, एसडीएम हवाई सिंह यादव, सरजीत चौधरी, कमलकांत शर्मा, खालिद हुसैन मंचस्थ रहे। कार्यक्रम की शुरुआत श्रमदान से हुई, जिसमें जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने मिलकर तालाब की सफाई और जल संरक्षण के महत्व को समझा। इसके बाद सभी ने मिलकर तालाब परिसर में पौधरोपण किया। विशेष रूप से महिलाओं को तुलसी के पौधे वितरित किए गए, ताकि घर-घर में हरियाली के साथ-साथ औषधीय गुणों वाली पौध का प्रचार-प्रसार हो सके। विधायक राजेन्द्र भाम्बू ने इस मौके पर कहा कि राजस्थान जैसे राज्य को जल संरक्षण के क्षेत्रा में अन्य राज्यों के लिए मॉडल स्टेट बनाना हमारा लक्ष्य है। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि वे जल स्रोतों की सफाई और वर्षा जल संचयन में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। जिला कलेक्टर ने बताया कि झुंझुनूं जिले में 20 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है, जिसे जनसहभागिता से पूरा किया जाएगा। जल स्रोतों के जीर्णाेद्धार से लेकर स्कूलों, ग्राम पंचायतों और नगरीय क्षेत्रों में पौधारोपण की व्यापक योजना बनाई गई है। उपखंड स्तरीय कार्यक्रम का संचालन एडीईओ उम्मेद सिंह महला ने किया।

जिला स्तरीय कार्यक्रम में ये रहे मंच पर:

झुंझुनूं विधायक राजेंद्र भांबू, आईएएस अनिल कुमार अग्रवाल, जिला कलेक्टर रामावतार मीणा, जिला प्रमुख हर्षिनी कुलहरी, पूर्व सांसद संतोष अहलावत, पूर्व सांसद नरेंद्र कुमार, बनवारी लाल सैनी, राजेश दहिया, विशंभर पूनिया, प्यारेलाल ढूकिया, मुरारी सैनी, महेंद्र चंदवा, दिनेश धाबाई, जय सिंह मांठ मंच पर मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन एडीईओ उम्मेद सिंह महला ने किया।

जलाशयों का ऐतिहासिक महत्व-

झुंझुनूं समस तालाब पर बने मंदिरों में खाकीदास महाराज एवं शंकर दास महाराज की तपोस्थली रही है। यहां प्राचीन भृतहरि मंदिर भी है। वहीं तेतरा में भी 200 वर्ष से अधिक पुराने पक्के जोहड़ पर आयोजन हुआ। इस जलाशय पर मनुष्यों व पशुओं के पेयजल के लिए अलग-अलग 2 घाट बनाए हुए हैं। सूरजगढ़ के बीड़ स्थित सादीनाथ आश्रम के पास स्थित ऐतिहासिक तालाब भी तकरीबन 300 वर्ष पुराना है। यहां भी अनेक साधू-संतों ने तपस्या की है।

जिला कलक्टर और प्रभारी सचिव रहे दिन भर फील्ड में:

अभियान की सफलता व जिले में पर्यावरण एवं जल संरक्षण सुनिश्चित करने के लिए अभियान के प्रभारी सचिव आईएएस अनिल कुमार अग्रवाल एवं जिला कलक्टर रामावतार मीणा दिनभर फील्ड में रहे। वे सुबह 7 बजे से लेकर देर रात्रि तक तेतरा, समस तालाब, सूरजगढ़, ओजटू, कोट बांध आदि में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल रहे और प्रभावी मॉनिटरिंग करते नजर आए।

कोट बांध पर हुआ दीपदान:

अभियान के तहत जिले के कोट बांध पर दीपदान कार्यक्रम भी आयोजित हुआ।

Leave A Reply

Your email address will not be published.