Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.
वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान: सीएम भजनलाल शर्मा ने जल संरक्षण को आमजन की भावना से जोड़ा- मुकेश दाधीच
झुंझुनूं, (20 जून 2025)। आमजन को जल संरक्षण के लिए प्रेरित करना बेहद आवश्यक था, आमजन के सहयोग के बिना जल संरक्षण का कार्य पूरा नहीं हो सकता है, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस बात को समझते हुए ‘वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान’ से आमजन की भावना को जोड़ा है। यह बात अभियान के प्रदेश संयोजक मुकेश दाधीच ने शुक्रवार को मोडा पहाड़ पर अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में कही।
अभियान के अंतिम दिन हुए इस कार्यक्रम में झुंझुनूं विधायक राजेंद्र भांबू ने मोडा पहाड़ के प्राचीन और ऐतिहासिक जीतमल के जोहड़े का 10 लाख रुपए की लागत से जीर्णोद्धार करवाने के लिए भी नगर परिषद आयुक्त दिलीप पूनिया को निर्देशित किया है। उन्होंने बताया कि यहां ‘अटल पार्क’ भी विकसित किया जाएगा। अभियान के तहत यहां प्रदेश संयोजक मुकेश दाधीच, विधायक राजेंद्र भांबू, जिला कलेक्टर रामावतार मीणा, जिला प्रमुख हर्षिनी कुलहरी, जिला संयोजक विशंभर पूनिया ने पौधारोपण व श्रमदान भी किया। जिला कलक्टर रामावतार मीणा ने अभियान के तहत जिला प्रशासन द्वारा करवाए गए विभिन्न कार्यों के बारे में बताया। अपने संबोधन में जिला प्रमुख हर्षिनी कुलहरी व अभियान के जिला संयोजक विशंभर पूनिया ने कहा कि अभियान में झुंझुनूं में ऐतिहासिक कार्यक्रम हुए है। लाखों की संख्या में लोगों ने इस अभियान से जुड़कर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के जल व पर्यावरण संरक्षण अभियान को अपना समर्थन दिया है। कार्यक्रम में जयसिंह मांठ व बगड़ नगरपालिका चेयरमैन गोविंद सिंह राठौड़, पार्षद चंद्रप्रकाश शुक्ला ने भी श्रमदान किया। इस मौके पर जल और पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई। वहीं आमजन से अपील की गई कि वे पर्यावरण को बचाने के लिए प्लास्टिक का उपयोग पूर्णतया बंद करें। अंत में स्वयं सहायता समूह व मनरेगा की 21 महिला कार्मिकों को सम्मानित भी किया गया।