Rajasthan Update
Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.

नगर निकाय चुनाव की तैयारी, प्रशिक्षकों को दी चुनाव प्रक्रिया की जानकारी, जिला परिषद सभागार में एकदिवसीय प्रशिक्षण शिविर संपन्न

झुंझुनूं, (13 अगस्त 2026)। आगामी नगर निकाय चुनाव 2026 की तैयारियों को लेकर गुरुवार को जिला परिषद सभागार में एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा प्रशिक्षित डिस्ट्रिक्ट लेवल मास्टर ट्रेनर्स (DLMT) ने जिले में ब्लॉक स्तर पर प्रशिक्षण के लिए नियुक्त मास्टर ट्रेनर्स को चुनाव संबंधी आवश्यक जानकारी एवं प्रक्रियाओं का प्रशिक्षण दिया।

नगर निकाय चुनाव के लिए ब्लॉक स्तर पर मतदान दलों को प्रशिक्षण देने के लिए 60 प्रशिक्षकों की टीम तैयार की गई है। ये प्रशिक्षक अपने-अपने ब्लॉक स्तर पर नियुक्त मतदान दलों को चुनाव प्रक्रिया से संबंधित प्रशिक्षण प्रदान करेंगे।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने कहा कि प्रशिक्षण का उद्देश्य मतदान दलों एवं प्रशिक्षकों को चुनाव प्रक्रिया की प्रत्येक बारीकी से अवगत कराना है। प्रशिक्षण के दौरान चुनाव से संबंधित विभिन्न प्रपत्रों को भरने, मतदान प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों, मतदान दलों की जिम्मेदारियों तथा मतदान के आवेदन लेने से लेकर मतगणना प्रक्रिया तक की संपूर्ण जानकारी प्रदान की गई।

जिला कलेक्टर ने प्रशिक्षणार्थियों को निर्देश दिए कि प्रशिक्षण के दौरान चुनाव प्रक्रिया से संबंधित सभी जानकारियों को गंभीरता से समझें तथा किसी भी प्रकार की शंका होने पर उसका समाधान प्रशिक्षण के दौरान ही सुनिश्चित करें, ताकि आगामी प्रशिक्षण में मतदान दलों को सही एवं स्पष्ट जानकारी दी जा सके।

प्रशिक्षण प्रभारी एवं एसीईओ रामनिवास ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार प्रशिक्षकों को चुनाव प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी जा रही है। उन्होंने कहा कि ब्लॉक स्तर पर मतदान दलों को प्रशिक्षण देने के लिए तैयार की गई 60 प्रशिक्षकों की टीम को व्यावहारिक एवं सैद्धांतिक दोनों पहलुओं से प्रशिक्षित किया गया है। उन्होंने प्रशिक्षकों से कहा कि वे मतदान दलों को प्रशिक्षण देते समय प्रत्येक प्रक्रिया को सरल एवं स्पष्ट तरीके से समझाएं तथा आयोग के निर्देशों एवं निर्धारित प्रोटोकॉल का पूर्ण पालन सुनिश्चित करें।

प्रशिक्षण के दौरान मतदान प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न प्रपत्रों, मतदान सामग्री, मतदान दलों की जिम्मेदारियों, ईवीएम संबंधी प्रक्रिया, मतदान के बाद की कार्रवाई तथा मतगणना सहित चुनाव प्रक्रिया के विभिन्न चरणों पर विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही प्रशिक्षणार्थियों की शंकाओं का समाधान भी किया गया।

इस दौरान प्रशिक्षण प्रकोष्ठ के सह प्रभारी अरविंद ओला, नेहा झाझडिया, डीएलएमटी सुरेंद्र डूडी, राजेश बुरी व संजय सरा मौजूद रहे ।

Leave A Reply

Your email address will not be published.