Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.
शांति एवं अहिंसा विभाग के निदेशक अजय असवाल ने राजस्थान संपर्क 181 कॉल सेंटर का किया निरीक्षण
परिवादियों के सुने अभाव-अभियोग, मौके पर ही अधिकारियों को निस्तारण के दिए निर्देश असवाल द्वारा तैयार प्रशिक्षण पाठ्यक्रम को और परिणामोन्मुख बनाने पर हुआ विचार विमर्श
जयपुर, (14 अगस्त 2026)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार आमजन की शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से शांति एवं अहिंसा विभाग के निदेशक श्री अजय असवाल ने शुक्रवार को शासन सचिवालय स्थित राजस्थान संपर्क (181) कॉल सेंटर का निरीक्षण किया। उन्होंने संपर्क पोर्टल पर दर्ज परिवादों की समीक्षा करते हुए लंबित एवं निस्तारित प्रकरणों की स्थिति का अवलोकन किया तथा अधिकारियों को शिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। साथ ही संपर्क के विभागीय नोडल अधिकारियों को समय समय पर दिये जा रहे प्रशिक्षण कार्यक्रमों के लिए असवाल द्वारा तैयार पाठ्यक्रम की जानकारी भी उन्होंने संपर्क मुख्यालय पर देते हुए इसे और गुणवत्तापूर्वक बनाने हेतु आवश्यक विचार विमर्श किया।
निरीक्षण के दौरान असवाल ने विभिन्न जिलों के परिवादियों से कॉल सेंटर से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। जयपुर के परिवादी सुरेश योगी ने सही राशि को बिल में समायोजित नहीं करने की समस्या बताई, जबकि चित्तौड़गढ़ के परिवादी माधोलाल बैरवा ने क्षतिग्रस्त विद्युत लाइन के कारण आपूर्ति बाधित होने की शिकायत रखी। दोनों मामलों में संबंधित विद्युत निगमों को शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ।
इसी प्रकार सीकर के परिवादी राकेश शर्मा ने ट्रांसफार्मर जलने से कई घरों में बिजली ठप होने की समस्या बताई, वहीं जालौर के परिवादी शंभू ने खेत के पास खराब ट्रांसफार्मर के कारण कृषि कार्य प्रभावित होने की जानकारी दी। निदेशक ने दोनों प्रकरणों में संबंधित अधिकारियों को तत्काल ट्रांसफार्मर बदलने एवं विद्युत आपूर्ति बहाल करने के निर्देश दिए। जालोर के सहायक अभियंता से बात करने पर उन्होंने आश्वस्त किया कि ट्रांसफार्मर आवंटित कर आज ही भिजवा दिया जाएगा। इसी प्रकार अन्य जिलों के परिवादियों से संवाद कर उनके प्रकरणों की जानकारी ली तथा उनके फीडबैक के आधार पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश प्रदान किए।
असवाल ने कहा कि राजस्थान संपर्क आमजन की समस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने निर्देश दिए कि अनेक बार प्राप्त होने वाले विषयों का विश्लेषण कर उनके स्थायी समाधान की दिशा में कार्य किया जाए तथा निस्तारित परिवादों का सत्यापन कर परिवादियों की वास्तविक संतुष्टि भी सुनिश्चित की जाए।
इस अवसर पर राजस्थान संपर्क एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।