Rajasthan Update
Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.

उत्तर मैट्रिक छात्रवृत्ति के लंबित आवेदनों के निस्तारण के लिए विशेष अभियान 29 जून से

झुंझुनूं, (25 जून 2026)। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा उत्तर मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत लंबित छात्रवृत्ति आवेदनों के शीघ्र निस्तारण के लिए 29 जून से 3 जुलाई 2026 तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। अभियान का उद्देश्य पात्र विद्यार्थियों को समय पर छात्रवृत्ति का लाभ उपलब्ध कराना है।

 सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उप निदेशक डॉ. पवन पूनियां ने बताया कि शैक्षणिक सत्र 2023-24 से 2025-26 तक के लंबित छात्रवृत्ति आवेदन पत्रों के त्वरित निस्तारण के लिए यह अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान अवधि के दौरान विद्यार्थियों, शिक्षण संस्थानों तथा विभागीय कार्यालय स्तर पर लंबित आवेदनों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाएगा।

जिले के समस्त राजकीय एवं निजी शिक्षण संस्थानों से ऐसे विद्यार्थियों की जानकारी एकत्रित करने और आवेदन पत्रों में लंबित कार्यवाही को प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं। जिन विद्यार्थियों के आवेदन में किसी प्रकार की त्रुटि अथवा दस्तावेजों की कमी है, वे संबंधित शिक्षण संस्थान अथवा जिला कार्यालय से संपर्क कर आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत कर आवेदन का निस्तारण सुनिश्चित कर सकते हैं।

विभाग ने विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षण संस्थानों से विशेष अभियान का अधिकतम लाभ उठाने तथा छात्रवृत्ति आवेदनों का शीघ्र निस्तारण करवाने की अपील की है, ताकि पात्र विद्यार्थियों को समय पर छात्रवृत्ति का लाभ मिल सके।

Leave A Reply

Your email address will not be published.