Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.
सावित्रीबाई फुले की पुण्यतिथि पर गूंजा महिला सशक्तिकरण का संदेश
पूर्व सांसद संतोष अहलावत बोलीं— सावित्रीबाई के संघर्ष और शिक्षा मिशन को युवाओं को अपनाना होगा
झुंझुनूं, (10 मार्च 2026)।महिला शिक्षा और सामाजिक परिवर्तन की अग्रदूत सावित्रीबाई फुले की पुण्यतिथि पर झुंझुनूं जिले के चिड़ावा कॉलेज में मंगलवार को सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के संयुक्त तत्वावधान में कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें समाज में शिक्षा, समानता और महिला सशक्तिकरण के संदेश गूंज उठे। कार्यक्रम में पूर्व सांसद संतोष अहलावत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं और उन्होंने सावित्रीबाई फुले के योगदान को याद करते हुए युवाओं को उनके आदर्शों को अपने जीवन में उतारने का आह्वान किया। अपने संबोधन में अहलावत ने कहा कि सावित्रीबाई फुले ने जिस दौर में महिलाओं और वंचित वर्गों के लिए शिक्षा का दीप जलाया, वह आज भी समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि युवाओं को मोबाइल और समय की बर्बादी से दूर रहकर कुछ नया और सकारात्मक करने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए, तभी समाज में वास्तविक परिवर्तन संभव होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज की प्राचार्या रेखा कुलश्रेष्ठ ने की। उन्होंने कहा कि सावित्रीबाई फुले का जीवन संघर्ष, साहस और शिक्षा के प्रति समर्पण की अद्भुत मिसाल है। विद्यार्थियों को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
कार्यक्रम में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक पवन पूनिया और जिला जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने भी सावित्रीबाई फुले के जीवन और उनके सामाजिक योगदान पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व से अवगत कराया।
इस अवसर पर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार, नई दिल्ली द्वारा संचालित बाबू जगजीवन राम नेशनल फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में पहले आयोजित निबंध और चित्रकला प्रतियोगिता के विजेता छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय की छात्राओं ने सावित्रीबाई फुले के जीवन और संघर्ष पर आधारित मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिसने उपस्थित लोगों को भावुक और प्रेरित कर दिया।
इस मौके पर वरिष्ठ पत्रकार प्रभुशरण तिवारी, शंभु पंवार, मनोज शर्मा, महेश आजाद, निर्मला शर्मा, पूनम जांगिड़, पूनम नुनिया, गुड्डी सोमरा, अभिषेक मुरारका सहित अनेक गणमान्य नागरिक और विद्यार्थी मौजूद रहे। कार्यक्रम में समाज में शिक्षा और समानता के संदेश को आगे बढ़ाने का सामूहिक संकल्प भी लिया गया।