Rajasthan Update
Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.

अगले दो घंटे में कई जिलों में 80 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से आंधी, ओलावृष्टि के आसार

जयपुर(7 जून 2026)।मौसम विज्ञान केंद्र, जयपुर ने सात जून को दोपहर 3.45 बजे प्रदेश के कई जिलों के लिए तात्कालिक मौसम चेतावनी जारी की है। अगले तीन घंटों के दौरान अलवर, कोटपूतली-बहरोड़ और डीग जिलों में कहीं-कहीं तेज मेघगर्जन, बिजली चमकने, 60 से 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, धूलभरी आंधी, वज्रपात तथा ओलावृष्टि के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

वहीं श्रीगंगानगर, बीकानेर, चूरू, झुंझुनूं, सीकर, खैरथल-तिजारा, जयपुर, दौसा, करौली, धौलपुर, भरतपुर, राजसमंद, उदयपुर, सलूंबर और सिरोही जिलों में येलो अलर्ट घोषित किया गया है। इन क्षेत्रों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान पेड़ों और कमजोर संरचनाओं से दूर रहने, सुरक्षित स्थान पर शरण लेने तथा बिजली के खंभों और धातु की वस्तुओं से दूरी बनाए रखने की सलाह दी है। किसानों और आमजन को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

अगले तीन दिन आंधी-बारिश के आसार, पश्चिमी जिलों में हीटवेव का अलर्ट

जयपुर। राजस्थान में मौसम का मिजाज आगामी दिनों में मिला-जुला रहने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के ऊपर बने परिसंचरण तंत्र के प्रभाव से अगले दो से तीन दिनों तक कई क्षेत्रों में आंधी और बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। इसके बाद पूरे प्रदेश में मौसम अपेक्षाकृत शांत रहेगा, हालांकि कुछ स्थानों पर मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश देखने को मिल सकती है।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार उत्तर प्रदेश और पंजाब के आसपास बने ऊपरी वायु चक्रवाती परिसंचरण तंत्र कमजोर पड़ गए हैं, लेकिन प्रदेश में नमी और स्थानीय मौसमी परिस्थितियों के कारण कई इलाकों में बादल छाने, तेज हवाएं चलने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना बनी हुई है। इससे लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।

दूसरी ओर पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती जिलों में गर्मी का प्रकोप बढ़ने के संकेत हैं। विभाग ने बताया कि 8 से 11 जून के दौरान जैसलमेर, बाड़मेर, फलोदी और आसपास के क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इस दौरान कुछ स्थानों पर हीटवेव यानी लू चलने की भी संभावना है।

मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और गर्म हवाओं से सतर्क रहने की सलाह दी है। वहीं किसानों को भी मौसम में संभावित बदलाव को देखते हुए कृषि कार्यों की योजना बनाने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग के अनुसार 11 जून से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिसका असर आगे चलकर राजस्थान के मौसम पर भी देखने को मिल सकता है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.