Rajasthan Update
Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.

रोडवेज बस से ACB को मिले 85 लाख, निशाने पर अधिकारी, छापेमारी में घर से मिले लाखों रुपए

बीकानेर (7 जून 2026)। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने बेनामी संपत्ति और संदिग्ध नकदी लेन-देन के मामले में कार्रवाई करते हुए राजस्थान बीज निगम के जुगल किशोर बिश्नोई से जुड़े एक मामले में 1.30 करोड़ रुपए की नकदी बरामद की है। एसीबी ने बीकानेर से श्रीगंगानगर भेजी जा रही 85 लाख रुपए की नकदी जब्त करने के साथ ही श्रीगंगानगर स्थित बिश्नोई के आवास पर छापेमारी कर 45 लाख रुपए और बरामद किए हैं।

एसीबी को सूचना मिली थी कि बेनामी संपत्ति और अवैध धन से जुड़े कुछ लोग बड़ी नकदी राशि को बीकानेर से श्रीगंगानगर भेजने की तैयारी कर रहे हैं। सूचना के आधार पर टीम ने कार्रवाई करते हुए लूणकरनसर थाना क्षेत्र के पास एक रोडवेज बस में सफर कर रहे स्वतंत्र ज्याणी को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास रखे थैलों और गत्ते के बॉक्सों से 85 लाख रुपए नकद बरामद हुए।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि यह राशि श्रीगंगानगर स्थित जुगल किशोर बिश्नोई के घर पहुंचाई जानी थी। इसके बाद एसीबी की टीम ने श्रीगंगानगर में बिश्नोई के आवास पर दबिश दी, जहां से 45 लाख रुपए नकद और बरामद किए गए।

हिरासत में लेकर पूछताछ

एसीबी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष कुमार ने बताया कि स्वतंत्र ज्याणी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। साथ ही जुगल किशोर बिश्नोई से भी बरामद नकदी और उसके स्रोत के संबंध में पूछताछ की जाएगी। नकदी के स्रोत, उपयोग और उससे जुड़े दस्तावेजों की जांच जारी है।

बेनामी संपत्ति के एंगल से भी जांच

एसीबी इस पूरे मामले की जांच बेनामी संपत्ति, आय से अधिक संपत्ति और संदिग्ध वित्तीय लेन-देन के विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर कर रही है। अधिकारियों के अनुसार जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।

प्रमुख तथ्य

रोडवेज बस से 85 लाख रुपए नकद बरामद

श्रीगंगानगर स्थित आवास से 45 लाख रुपए और मिले

कुल 1.30 करोड़ रुपए की नकदी जब्त

स्वतंत्र ज्याणी हिरासत में, पूछताछ जारी

बेनामी संपत्ति और संदिग्ध वित्तीय लेन-देन की जांच शुरू

एसीबी जुटा रही नकदी के स्रोत और दस्तावेजी साक्ष्य एकत्र कर रही है निरंतर जांच प्रक्रिया जारी

गौरतलब है की इस साल फरवरी में एसीबी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बीकानेर में पंचायत विभाग के लिपिक (एलडीसी) के ठिकानों पर एक साथ दबिश देकर भारी मात्रा में नकदी और संपत्ति के दस्तावेज बरामद किए थे। एसीबी टीमों ने तलाशी के दौरान घर और अन्य ठिकानों से करीब सवा किलो सोना, 2 किलो चांदी, करीब 76 लाख रुपए नकद तथा कई भूखंडों और निवेश से जुड़े दस्तावेज बरामद किए थे। चार गाड़ियां भी मिलीं, जिनमें एक स्कॉर्पियो, एक कार और दो बाइक शामिल थी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.