Rajasthan Update
Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.

खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री ने प्रदेश में एलपीजी आपूर्ति पर ली महत्वपूर्ण बैठक बिना ओटीपी एवं डायरी में एंट्री किए अब नहीं मिलेगा घरेलू गैस सिलेंडर

अस्पतालों, शिक्षण संस्थानों, अन्नपूर्णा रसोइयों, धार्मिक स्थलों को मिल रही रसोई गैस की निर्बाध आपूर्ति

जयपुर (19 मार्च 2026)। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने गुरुवार को सचिवालय में प्रदेश में घरेलू गैस आपूर्ति पर विभागीय अधिकारियों एवं गैस कंपनियों के प्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण बैठक ली। गोदारा ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा जी के निर्देशानुसार प्रदेश में घरेलू उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। बुकिंग के तीन से चार दिनों के अंदर घरेलू गैस सिलेंडर उपभोक्ताओं को मिल रहा है। गोदारा ने कहा कि प्रदेश में अस्पतालों, शैक्षणिक संस्थाओं, धार्मिक स्थलों में सुचारू रूप से गैस सिलेंडर आपूर्ति की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है एवं उपभोक्ताओं को घबराने की आवश्यकता नहीं है।

ओटीपी और डायरी में एंट्री के बिना अब घरेलू गैस सिलेंडर की आपूर्ति नहीं—

गोदारा ने कहा कि प्रदेश में संचालित लगभग 1300 गैस एजेंसियों के माध्यम से घरेलू उपभोक्ताओं को निरंतर रसोई गैस आपूर्ति हो रही है। बिना ओटीपी और डायरी में एंट्री किए गैस सिलेंडर के डाइवर्जन की घटनाएं कुछ एजेंसियों में सामने आई है। इस प्रकार के घटनाक्रमों से असल उपभोक्ताओं को आपूर्ति प्रभावित होती है। उन्होंने गैस कंपनियों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि अब ओटीपी और डायरी में एंट्री किए बिना गैस सिलेंडर की डिलीवरी नहीं की जाएगी ताकि फर्जी बुकिंग से होने वाले डाइवर्जन की पूर्णतया रोकथाम हो सके तथा उपभोक्ताओं को अधिकतम राहत मिले। उन्होंने गैस कंपनियों के प्रतिनिधियों को ओटीपी एवं डायरी में एंट्री की अनिवार्यता के संबंध में सभी गैस एजेंसियों में पोस्टर-बैनर के माध्यम से अधिक से अधिक जागरूकता फैलाने हेतु निर्देशित किया।

गैस कंपनियों के स्तर से भी हो प्रभावी मॉनिटरिंग, फील्ड ऑफिसर लगातार करें गैस एजेंसियों का दौरा— 

गोदारा ने कहा कि प्रदेश सरकार की राज्य स्तरीय एवं जिला स्तरीय निगरानी समितियों द्वारा लगातार कालाबाजारी, डाइवर्जन एवं अवैध भंडारण के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। गैस कंपनियों के फील्ड ऑफिसर भी लगातार गैस एजेंसियों का औचक निरीक्षण कर किसी भी प्रकार के डाइवर्जन की प्रभावी रोकथाम सुनिश्चित करें। उन्होंने गैस कंपनियों के फील्ड ऑफिसर्स को दैनिक रूप से एक गैस एजेंसी का औचक निरीक्षण करने तथा जिओटैगिंग के साथ में निरीक्षण का विवरण विभाग को प्रेषित करने हेतु निर्देशित किया। उन्होंने गैस कंपनियों को दूरदराज के क्षेत्र में स्थित गैस एजेंसियों का प्राथमिकता से प्रभावी निरीक्षण कर डाइवर्जन की पूर्ण रोकथाम हेतु दिशा निर्देश दिए।

 खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के शासन सचिव अम्बरीष कुमार ने कहा कि प्रदेश में घरेलू गैस सिलेंडरों के किसी भी प्रकार के डाइवर्जन की प्रभावी रोकथाम सुनिश्चित की जा रही है। प्रदेश में प्रतिदिन डिलीवर होने वाले घरेलू रसोई गैस सिलेंडरों की संख्या में कोई कमी नहीं आई है। विभागीय अधिकारियों द्वारा निरंतर स्थिति की प्रभावी मॉनिटरिंग कर घरेलू उपभोक्ताओं को रसोई गैस सिलेंडरों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है।

बैठक में गैस एजेंसियों के अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश में घरेलू उपभोक्ताओं को सुचारू रूप से गैस सिलेंडर आपूर्ति की जा रही है। लगातार हो रही आपूर्ति से घरेलू उपभोक्ताओं के आश्वस्त होने के कारण अब बुकिंग ओवरलोड कम हुआ है जिससे गैस कंपनियों के सर्वर सुचारू रूप से काम कर रहे हैं और बुकिंग सुगमता से हो रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.