Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.
केंद्रीय वन मंत्री भूपेन्द्र यादव एवं वन राज्यमंत्री संजय शर्मा ने अलवर जिले में किया 10 करोड़ की लागत की टहला-दबकन-राजौरगढ-मथरावट सडक निर्माण कार्य का शिलान्यास
खुशहाली की कि कामना अलवर जिले के चहुंमुखी विकास के लिए आधारभूत ढांचे को दी जा रही है मजबूती - केंद्रीय वन मंत्री यादव
जयपुर, (21 जून 2026)। केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेन्द्र यादव तथा वन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा ने नीलकंठ महादेव मंदिर गढ राजौर टहला में 10 करोड रूपये की लागत राशि से 14 किमी लम्बाई की टहला-दबकन-राजौरगढ-मथरावट सडक निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने नीलकण्ठ महादेव मंदिर एवं भगवान देवनारायण मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की तथा मानसरोवर बांध स्थित पर्व मंत्री हेमसिंह भडाणा, कर्नल किरोडी सिंह बैंसला व राजेश पायलट की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया।
केंद्रीय वन मंत्री भूपेन्द्र यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सबका साथ-सबका विकास के ध्येय को साकार करते हुए अलवर जिले के चहुंमुखी विकास को आगे बढाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि टहला-दबकन-राजौरगढ-मथरावट सडक का निर्माण कार्य होने से क्षेत्र के लोगों को सडक कनेक्टिविटी मिलेगी तथा क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी। उन्होंने राजौरगढ में लाइब्रेरी निर्माण, खेल मैदान के विकास, नेटवर्क कनेक्टिविटी के लिए मोबाइल टावर एवं पीएचसी भवन का निर्माण कराए जाने के लिए आश्वस्त किया। उन्होंने कहा कि श्रृद्धालुओं की सुविधाओं में वृद्धि के लिए नीलकण्ठ महादेव मंदिर के विकास कार्यों को गति दी जाएगी एवं राजौरगढ के विकास के दृष्टिगत समग्र रूप से योजना तैयार कर रूसी राणी के महल के पुनरूद्धार सहित अन्य सुविधाओं को विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के पशुपालन व्यवसाय से जुडे लोगों को सरस डेयरी समिति की स्थापना कर डेयरी से जोडकर उनकी आय में वृद्धि करने का कार्य किया जाएगा। साथ सरस डेयरी से जुडने वाले पशुपालकों को डेयरी द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोडा जाएगा। उन्होंने कहा कि विशेष शिविर आयोजित कर क्षेत्र के लोगों को केंद्र एवं राज्य सरकार की जनहितैषी योजनाओं का लाभ प्रदान किया जाएगा। उन्होंने प्राकृतिक खेती पर बल देते हुए कहा कि भविष्य में प्राकृतिक खेती किसानों की आय का मजबूत स्त्रोत बनेगी। इसके लिए उन्होंने आह्वान किया कि क्षेत्र के लोग प्राकृतिक खेती को बढावा देवे। उन्होंने कहा कि पूर्व मंत्री श्री हेमसिंह भडाणा के थानागाजी क्षेत्र चहुंमुखी विकास के कार्य को आगे बढाते हुए क्षेत्र में सडकें, एनीकट आदि विकास कार्यों को कराया जाएगा। साथ ही एलीवेटेड रोड का कार्य भी जल्द शुरू होगा।
वन राज्यमंत्री संजय शर्मा ने कहा कि क्षेत्रवासियों की मांग पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं केंद्रीय वन मंत्री भूपेन्द्र यादव ने सकारात्मक कदम उठाते हुए 10 करोड़ रूपये की लागत से 14 किमी लम्बाई की टहला-दबकन-राजौरगढ-मथरावट सडक निर्माण कार्य को गति प्रदान की। उन्होंने कहा कि नीलकंठ महादेव अति प्राचीन शिव मंदिर है जिसमें हजारों श्रद्धालु दर्शन को जाते हैं, ये सड़क विभिन्न गांवों को टहला से जोड़ती है, इसके निर्माण से ग्रामवासियों एवं श्रद्धालुओं को लाभ होगा, पर्यटकों का आवागमन बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार द्वारा थानागाजी क्षेत्र सहित जिले के सम्पूर्ण विकास हेतु सभी क्षेत्रों में दुगुनी गति से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा कुशालगढ मोड से थैक्यू बोर्ड तक सडक निर्माण, भर्तृहरि पुलिया इत्यादि कार्य विभिन्न चरणों में प्रक्रियाधीन है।