Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.
झुंझुनूं, (1 जून 2026)। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) झुंझुनूं में इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट ऑफ एग्जिस्टिंग डाइट्स एज सेंटर ऑफ एक्सीलेंस योजना के तहत स्वीकृत नवीन भवन निर्माण कार्य का शिलान्यास सोमवार को समारोहपूर्वक किया गया।
कार्यक्रम में झुंझुनूं विधायक राजेन्द्र भांबू ने शिलान्यास कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस अवसर पर जिला कलक्टर डॉ. अरुण गर्ग, जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) राजेश मील तथा मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी अशोक शर्मा सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक राजेन्द्र भांबू ने कहा कि शिक्षक प्रशिक्षण की गुणवत्ता में सुधार तथा आधुनिक शैक्षणिक आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए डाइट को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि नवीन भवन में स्मार्ट क्लासरूम, प्रशिक्षण कक्ष, प्रशासनिक कक्ष सहित अन्य आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जिससे जिले की शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा मिलेगी।
डाइट की प्रधानाचार्य सुमित्रा झाझड़िया ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि यह भवन संस्थान के सर्वांगीण विकास में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने बताया कि परियोजना से शिक्षक प्रशिक्षण में नवाचार, तकनीकी दक्षता और शैक्षणिक गुणवत्ता को बढ़ावा मिलेगा।
जिला कलक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने कहा कि शिक्षा की मजबूत नींव ही जिले और प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य की गारंटी है। डाइट के अधोसंरचना विकास से शिक्षक प्रशिक्षण को नई गति मिलेगी और शैक्षणिक सुधारों को प्रभावी ढंग से लागू किया जा सकेगा।
समारोह में डाइट के अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षा विभाग के प्रतिनिधि तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। नवीन भवन निर्माण कार्य के शुभारंभ पर सभी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे जिले की शिक्षा व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।