Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.
झुंझुनूं, (1 जून 2026)। आगामी मानसून सत्र 2026 के दौरान जिले में बाढ़ एवं अतिवृष्टि की संभावनाओं को देखते हुए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। जिला कलेक्टर एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष डॉ. अरुण गर्ग ने 15 जून से 30 सितम्बर तक जिला कलेक्ट्रेट परिसर के कमरा नंबर 114 में 24 घंटे संचालित होने वाले बाढ़ नियंत्रण कक्ष (फ्लड कंट्रोल रूम) की स्थापना के आदेश जारी किए हैं।
जारी आदेशों के अनुसार नियंत्रण कक्ष का दूरभाष नम्बर 01592-232237तथा 1077 रहेगा। नियंत्रण कक्ष में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की चार पारियों में ड्यूटी लगाई गई है, जिससे मानसून अवधि में किसी भी आपदा या आपात स्थिति पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
जिला कलेक्टर ने निर्देश दिए हैं कि नियंत्रण कक्ष राजस्व एवं राहत कार्यों के समन्वय का केंद्र रहेगा। जिले में होने वाली वर्षा, जलभराव, बाढ़ अथवा अन्य आपदा संबंधी सूचनाओं का संकलन कर संबंधित विभागों को तत्काल अवगत कराया जाएगा। सभी तहसीलदारों को अपने क्षेत्र में होने वाली वर्षा की दैनिक रिपोर्ट सुबह 8 बजे एवं शाम 5 बजे तक जिला नियंत्रण कक्ष को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
आदेशों के अनुसार नियंत्रण कक्ष में तैनात अधिकारी एवं कर्मचारी बिना अनुमति अवकाश नहीं ले सकेंगे तथा उन्हें निर्धारित समय से पूर्व कार्यस्थल नहीं छोड़ने के निर्देश दिए गए हैं। मानसून अवधि के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी तथा विभागों के बीच बेहतर समन्वय के लिए विस्तृत रोस्टर भी जारी किया गया है।