Rajasthan Update
Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.

ग्राम रथ अभियान के तहत शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने खेड़ापा में की जनसुनवाई

सुझाव पेटिका में सुझाव देकर आमजन निभाएं नीति निर्माण में भागीदारी

जयपुर, (12 मई 2026)। राज्य सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित ग्राम रथ अभियान के अंतर्गत मंगलवार को शिक्षा (विद्यालयी/संस्कृत) एवं पंचायती राज मंत्री तथा जिला जोधपुर प्रभारी मंत्री मदन दिलावर ने पंचायत समिति बावड़ी की ग्राम पंचायत खेड़ापा में आयोजित कार्यक्रम का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधा एवं आत्मीय संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं ।

विभागीय अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान करवाया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आमजन की समस्याओं के समाधान एवं योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रतिबद्ध है तथा ग्राम रथ अभियान इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

नियमित रात्रि चौपाल एवं जनसुनवाई आयोजित करने के निर्देश

दिलावर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित रात्रि चौपाल एवं जनसुनवाई आयोजित की जाए, ताकि ग्रामीणों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों को गांवों में जाकर आमजन से संवाद करना चाहिए ताकि प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित हो सके।

पेयजल समस्याओं के त्वरित समाधान पर दिया जोर

ग्रामीणों द्वारा पेयजल संबंधी समस्याएं उठाए जाने पर प्रभारी मंत्री ने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों से मौके पर ही वार्ता कर वर्तमान स्थिति की जानकारी ली तथा समस्याओं के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक घर तक नल से स्वच्छ पेयजल पहुंचाना राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है तथा यह आमजन का अधिकार है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गर्मी के मौसम को देखते हुए पेयजल आपूर्ति व्यवस्थाओं की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।

दिलावर ने ग्रामीणों को सुझाव पेटिका में अपने सुझाव देने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि नीति निर्माण में आमजन की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि आमजन से प्राप्त सुझाव सरकार के लिए उपयोगी साबित होंगे तथा योजनाओं को अधिक प्रभावी बनाने में सहायक बनेंगे।

13 विभागों की योजनाओं का हो रहा प्रचार-प्रसार

उल्लेखनीय है कि ग्राम रथ अभियान के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़े 13 विभागों की योजनाओं एवं सेवाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। इनमें कृषि, उद्यानिकी, कृषि विपणन, पशुपालन, डेयरी, मत्स्य, सहकारिता, सिंचाई, उद्योग, ऊर्जा, राजस्व, पंचायतीराज एवं ग्रामीण विकास विभाग शामिल हैं। रथों पर उपलब्ध प्रचार सामग्री, ऑडियो-वीडियो संदेशों एवं संवादात्मक गतिविधियों के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है, ताकि पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का अधिकतम लाभ मिल सके।

इस अवसर पर पूर्व सांसद रामनारायण डूडी सहित जनप्रतिनिधिगण, संबंधित विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.