Rajasthan Update
Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.

विशेष निरोधात्मक अभियान अवैध मदिरा पर प्रभावी कार्रवाई प्रदेश में 2 लाख 80 हजार 533 लीटर वाॅश नष्ट

जयपुर, (12 मई 2026)। आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देशानुसार प्रदेश में अवैध मदिरा निर्माण, भण्डारण, परिवहन एवं विक्रय पर रोकथाम के लिए जारी विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत नाकाबंदी, गश्त, रेड की प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। प्रदेश के विभिन्न जिलों में अवैध मदिरा जब्त करते हुए वाॅश नष्ट कर अभियोग दर्ज किए गए।

गिरफ्तार 380 – अभियोग 1044 दर्ज

आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देशन में प्रदेश में विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत 1 से 11 मई 2026 तक विभिन्न कार्रवाई के तहत 1044 अभियोग दर्ज किए गए है। प्रदेश में देशी मदिरा 11 लाख 14 हजार 813 रूपए लागत की 4150 लीटर, भारत निर्मित विदेशी मदिरा 9 लाख 40 हजार 994 रूपए की 943 लीटर, बीयर 3 लाख 31 हजार 519 रूपए की 1476 लीटर एवं हथकड़ शराब 7021 लीटर जब्त की गई है। इसी क्रम में वाॅश 2 लाख 80 हजार 533 लीटर नष्ट किया गया है। प्रदेश में अभियान के दौरान बड़े वाहन 8, हल्के चार पहिया 2 एवं दुपहिया वाहन 32 सहित 42 वाहन जब्त करते हुए 380 व्यक्तियों का गिरफ्तार किया गया है।

प्रदेश में अवैध मदिरा पर कार्रवाई

आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देशन में विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत जीरो टोलरेंस की नीति अपनाते हुए अन्य राज्य की शराब की तस्करी, अवैध मदिरा के परिवहन व विक्रय पर आबकारी निरोधक टीमों द्वारा प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। जिला हनुमानगढ़ में नोहर, संगरिया एवं हनुमानगढ़ में आबकारी निरोधक दल की दबिश कार्रवाई में 5100 लीटर वाॅश एवं 7 कच्ची भट्टियां नष्ट की गई साथ ही 4 मोटरसाईकल, 85 देशी शराब के पव्वे, 35 लीटर हथकड़ शराब भी जब्त की गई। चित्तोड़गढ में नीमच हाईवे पर ईपीएफ टीम निम्बाहेड़ा द्वारा नाकाबंदी कर वाहनों की सघन जांच की गई। चित्तोड़गढ – कोटा हाईवे पर भी नाकाबंदी की वाहनों की जांच की गई। श्रीकरणपुर में साबू की मोर एवं समीपस्थ गांवों में दबिश की कार्रवाई के तहत 150 लीटर वाॅश नष्ट करते हुए मौके से एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया। नागौर में ईपीएफ टीम की कार्रवाई में 200 लीटर वाॅश मौके पर नष्ट करते हुए 4 लीटर अवैध हथकड़ शराब बरामद की गई। जोधपुर में लूनी, सरदारपुरा मुख्यालय, जोधपुर शहर, फलौदी में कार्रवाई के तहत 9 फरार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया साथ ही एक चालू भट्टी सहित 150 लीटर वाॅश नष्ट किया। धौलपुर जिले के संवेदनशील ग्राम आदर्श नगर एवं पचगांव में दबिश कार्रवाई के तहत 5 हजार लीटर वाॅष सहित 5 भट्टियां नष्ट की गई। मौके से 15 लीटर अवैध हथकड़ शराब जब्त कर 2 अभियोग दर्ज किए गए। सिरोही जिले के ईपीएफ थाना क्षेत्र आबूरोड़ के संवेदनशील ग्राम वासडा में नदी किनारे स्थित अवैध हथकड़ शराब के ठिकानों पर कार्रवाई कर सिंटेक्स की 12 टंकियों में छुपाकर रखी 6 हजार लीटर उत्तेजित वाॅश को बरामद कर नष्ट किया। मौके पर एक चालू भट्टी मय उपकरण को भी नष्ट किया गया। बारां जिले के छबड़ा उपखंड में संवेदनशील ग्राम लक्ष्मीपुरा में दबिश की कार्रवाई के तहत ड्रमों में भरा 11 हजार लीटर वाॅश एवं हथकड़ शराब बनाने की 23 भट्टियां नष्ट की गई। मौके पर 7 अभियोग दर्ज कर 80 लीटर हथकड़ शराब, एक मोटरसाईकल जब्त करते हुए 2 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। झालावाड़ एवं भवानीमंडी में 2 अभियोग दर्ज करते हुए मोटरसाईकल पर अवैध हथकड़ शराब बरामद की गई। दौसा के महुआ, लालसोट क्षेत्रों में दबिश कार्रवाई में 6300 लीटर वाॅश सहित 9 भट्टियां नष्ट की गई। मौके पर 57 लीटर अवैध हथकड़ शराब, 40 पव्वे देशी शराब जब्त कर 6 अभियोग दर्ज किए।

प्रदेश के समस्त जिलों में भी विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत नाकाबंदी, दबिश व सघन गश्त की जा रही है। प्रदेश में समस्त अतिरिक्त आबकारी आयुक्त जोन, आबकारी उपायुक्त, जिला आबकारी अधिकारी, आबकारी निरीक्षक एवं आबकारी निरोधक दल द्वारा अवैध मदिरा के विरूद्ध जीरो टोलरेंस की नीति के तहत कार्यवाही की जा रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.