Rajasthan Update
Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.

राजस्थान में ‘तम्बाकू-मुक्त पीढ़ी’ नीति लागू करने की मांग राजतोफा प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य सचिव को सौंपा ज्ञापन

जयपुर, (23 जून 2026)। राजस्थान टोबैको फ्री अलायंस (राजतोफा) के सदस्यों ने आज राजस्थान सरकार के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास को एक ज्ञापन सौंपकर राज्य में ‘तम्बाकू-मुक्त पीढ़ी’ (Tobacco-Free Generation) की प्रादेशिक नीति लागू करने की मांग की। ज्ञापन में बच्चों एवं युवाओं को तम्बाकू और निकोटीन उत्पादों के दुष्प्रभावों से सुरक्षित रखने के लिए शीघ्र नीति निर्माण का आग्रह किया गया।

राजतोफा ने अपने ज्ञापन में उल्लेख किया कि राजस्थान में तम्बाकू सेवन के कारण प्रतिदिन लगभग 200 लोगों की मृत्यु होती है तथा तम्बाकू एवं निकोटीन उत्पादों की आसान उपलब्धता बच्चों और युवाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा एवं भविष्य के लिए गंभीर चुनौती बन चुकी है।

ज्ञापन में सुझाव दिया गया कि 1 जनवरी 2009 या उसके बाद जन्मे बच्चों एवं युवाओं को जीवनपर्यंत तम्बाकू एवं निकोटीन उत्पादों की बिक्री पर प्रतिबंध लगाया जाए। इससे आने वाली पीढ़ी को तम्बाकू-मुक्त जीवन सुनिश्चित किया जा सकेगा।

राजतोफा ने कहा कि इस नीति के लागू होने से सिगरेट एवं अन्य तम्बाकू उत्पाद अधिनियम (COTPA), 2003 की धारा 6(अ) के प्रभावी क्रियान्वयन को भी मजबूती मिलेगी तथा बच्चों को तम्बाकू उत्पादों की बिक्री रोकने की दिशा में दीर्घकालिक समाधान प्राप्त होगा।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि राजस्थान तम्बाकू नियंत्रण के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है। विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा विश्व तम्बाकू निषेध दिवस के अवसर पर राज्य को पिछले 15 वर्षों में चौथी बार सम्मानित किया जाना इस दिशा में राज्य के प्रयासों की महत्वपूर्ण उपलब्धि है। ऐसे में ‘तम्बाकू-मुक्त पीढ़ी’ नीति लागू कर राजस्थान देश के लिए एक उदाहरण प्रस्तुत कर सकता है।

राजतोफा के सदस्यों ने मुख्य सचिव से आग्रह किया कि बच्चों और युवाओं के हित में इस महत्वपूर्ण नीति को प्राथमिकता देते हुए राज्य स्तर पर आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ की जाए।

ज्ञापन सौंपने के दौरान राजतोफा के सदस्य डॉ.रमेश गांधी, डॉ.ओपी कुलहरि, हीरालाल शास्त्री, राम अवतार भारद्वाज, राजन चौधरी और जगदीश प्रसाद उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.