Rajasthan Update
Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पचपदरा रिफाइनरी कम पेट्रोकेमिकल काॅम्प्लेक्स के संबंध में ली उच्च स्तरीय बैठक

आधा दर्जन से अधिक यूनिट्स शुरू, कई प्रोडक्ट्स का उत्पादन प्रारंभ

जयपुर, (24 जून 2026)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास पर पचपदरा रिफाइनरी कम पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स के संबंध में उच्च स्तरीय बैठक ली। उन्होंने अधिकारियों एवं एचआरआरएल प्रबंधन से रिफाइनरी की प्रगति एवं संचालन के संबंध में विस्तृत जानकारी लेते हुए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश प्रदान किए।

 मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शीघ्र ही पचपदरा रिफाइनरी का शुभारंभ करेंगे। इस आयोजन को ऐतिहासिक बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय पर सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि पचपदरा रिफाइनरी से राजस्थान देश की ऊर्जा सुरक्षा का मजबूत स्तंभ बनेगा। साथ ही, यह प्रोजेक्ट प्रदेश का ग्रोथ इंजन साबित होगा।

 इस दौरान एचआरआरएल प्रबंधन ने मुख्यमंत्री की माइक्रो मॉनिटरिंग की सराहना की। उन्होंने कहा कि एचआरआरएल एवं राज्य सरकार के अधिकारियों ने टीम भावना से निरंतर कार्य किया है। मुख्यमंत्री के सतत् मार्गदर्शन और प्रोत्साहन के फलस्वरूप कुछ ही समय के अंतराल में रिफाइनरी संचालन के लिए पुनः तैयार हो गई है। आधा दर्जन से अधिक यूनिट्स कार्य कर रही हैं और कई प्रोडक्ट्स का उत्पादन प्रारंभ हो चुका है।

 मुख्यमंत्री को भेंट किए रिफाइनरी प्रोडक्ट्स के सैम्पल

 मुख्यमंत्री को एचआरआरएल प्रबंधन ने पचपदरा रिफाइनरी से निकल रहे विभिन्न प्रोडक्ट्स के सैम्पल भेंट किए। साथ ही, उन्होंने रिफाइनरी का माॅडल और इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट की ऐतिहासिक यात्रा को दर्शाती हुई बुकलेट भी प्रस्तुत की।

 इस अवसर पर मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, अतिरिक्त मुख्य सचिव (मुख्यमंत्री कार्यालय) अखिल अरोड़ा, अतिरिक्त मुख्य सचिव खान एवं पेट्रोलियम अपर्णा अरोड़ा, प्रमुख शासन सचिव वित्त वैभव गालरिया एवं एचआरआरएल प्रबंधन सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.