Rajasthan Update
Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.

आरसीडीएफ प्रबंध निदेशक ने किया राजस्थान संपर्क पोर्टल (181) का निरीक्षण- शिकायतों के आधार पर जांच के लिए मुख्यालय से विशेष टीम भेजने के निर्देश

जयपुर, (25 जून 2026)। राजस्थान सहकारिता डेयरी फेडरेशन लिमिटेड की प्रबंध निदेशक श्रुति भारद्वाज ने गुरुवार को राजस्थान संपर्क पोर्टल (181) के कॉल सेंटर का निरीक्षण कर डेयरी विभाग से संबंधित परिवादों एवं मांगों के निस्तारण की स्थिति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने परिवादियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली तथा उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
इस दौरान भारद्वाज ने कॉल सेंटर में विभिन्न जिलों के परिवादियों से दूरभाष पर वार्ता की। परिवादियों ने दूध विक्रय के लंबित भुगतान, दुर्घटना बीमा क्लेम के भुगतान तथा डेयरी बूथ पर दूध की आपूर्ति, डेयरी बूथों पर अनुचित सामग्री की बिक्री सहित विभिन्न समस्याओं से उन्हें अवगत कराया।
प्रबंध निदेशक ने सभी परिवादों को गंभीरता से सुना और  अधिकारियों को निर्देश दिए कि आवश्यकतानुसार शिकायतों की जाँच के लिए विभाग मुख्यालय से विशेष टीम गठित कर मौके पर भेजी जाए तथा आवश्यक जांच एवं कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि विभाग स्तर पर परिवादों की नियमित समीक्षा की जा रही है तथा प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।
भारद्वाज ने बताया कि राजस्थान संपर्क पोर्टल पर अब तक डेयरी विभाग से संबंधित कुल 3,282 परिवाद प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 3,072 का सफलतापूर्वक निस्तारण किया जा चुका है।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार आमजन की शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के लिए विभिन्न विभागों के सचिव निर्धारित तिथियों पर राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन (181) कंट्रोल रूम में उपस्थित होकर परिवादियों से सीधे संवाद कर रहे हैं। इस पहल के माध्यम से आमजन घर बैठे अपनी शिकायत दर्ज कराकर उनके शीघ्र समाधान का लाभ प्राप्त कर रहे हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.