Rajasthan Update
Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.

भीम उप जिला चिकित्सालय के रिक्त पदों को भरने के होंगे प्रयास- चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री

जयपुर,(26 फरवरी 2026)। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह ने गुरुवार को विधानसभा में कहा कि राजसमंद के भीम में उप जिला चिकित्सालय के लिए 40.42 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। चिकित्सालय का निर्माण कार्य जुलाई, 2026 तक पूर्ण होना प्रस्तावित है। उन्होंने कहा कि चिकित्सालय में क्वाटर्स निर्माण के लिए भी सकारात्मक प्रयास किए जाएंगे। साथ ही, चिकित्सालय में आवश्यक उपकरण भी उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने आश्वस्त किया कि चिकित्सकों के रिक्त पदों को भरा जाएगा।

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री सिंह प्रश्नकाल के दौरान सदस्य हरिसिंह रावत द्वारा इस संबंध में पूछे गए पूरक प्रश्नों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि उप जिला चिकित्सालय को जिला चिकित्सालय में क्रमोन्नत करने के लिए बेड की संख्या, ऑक्यूपेंसी रेट, क्षेत्र की जनसंख्या सहित विभिन्न मानक बने हुए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्तमान में उप जिला चिकित्सालय, भीम निर्धारित मानकों में नहीं आता है।

इससे पहले विधायक रावत के मूल प्रश्न के लिखित जवाब में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि निर्माण कार्य 10 अगस्त, 2024 को शुरू हुआ था, जो कि प्रगतिरत है। उन्होंने इसका विवरण सदन के पटल पर रखा।

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि वर्तमान में 100 शैय्या का उप जिला चिकित्सालय स्वीकृत है। स्वीकृत शैय्याओं की उपयोगिता दर वर्ष 2025 में 70.86 प्रतिशत रही है। उन्होंने बताया कि जिला चिकित्सालय में क्रमोन्नयन के लिए राज्य सरकार द्वारा 6 दिसम्बर 2019 में शैय्याओं की उपयोगिता दर 95 प्रतिशत या उससे अधिक होने के मानक निर्धारित किए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि उप जिला चिकित्सालय भीम की शैय्याओं में वृद्धि कर जिला चिकित्सालय में क्रमोन्नत किया जाना वर्तमान में विचाराधीन नहीं है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.