Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.
युवा अपनी ऊर्जा को सही दिशा में लगाकर ‘विकसित भारत’ के निर्माण में योगदान दें: केंद्रीय विधि व न्याय एवं संसदीय कार्य राज्य मंत्री
लाडनूं स्थित जैन विश्व भारती संस्थान में विभिन्न कार्यों उद्घाटन
जयपुर, (30 जनवरी 2026)। केन्द्रीय विधि व न्याय एवं संसदीय कार्य राज्य मंत्री तथा जैन विश्वभारती संस्थान के कुलाधिपति अर्जुनराम मेघवाल ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति के भीतर असीम ऊर्जा का भंडार होता है, आवश्यकता केवल उसे सही दिशा में नियोजित करने की है। वे यहाँ जैन विश्वभारती (मान्य विश्वविद्यालय) में विभिन्न नवनिर्मित परियोजनाओं के उद्घाटन व लोकार्पण समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में सम्बोधित कर रहे थे।
संस्कार और कौशल पर जोर—
विद्यार्थियों को जीवन के व्यावहारिक सूत्र देते हुए केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि 12 से 17 वर्ष की किशोरावस्था जीवन का सबसे महत्वपूर्ण पड़ाव है। इस आयु में अपनाए गए अच्छे या बुरे संस्कार व्यक्ति के संपूर्ण भविष्य का निर्धारण करते हैं। उन्होंने मानसिक स्वास्थ्य के लिए गणित, तनाव मुक्ति के लिए संगीत और शारीरिक स्वास्थ्य के लिए खेलों को जीवन का हिस्सा बनाने की सीख दी।
डिजिटल क्रांति और बुनियादी ढांचे का विस्तार—
समारोह के दौरान मेघवाल ने कुलपति प्रो. बच्छराज दूगड़ के साथ मिलकर विश्वविद्यालय की नवीन डिजिटल और भौतिक अवसंरचनाओं का लोकार्पण किया: ‘मोबाईल कनेक्ट’ एप्लिकेशन, एल्यूम्नी नेटवर्क पोर्टल और लर्निंग मैनेजमेंट सिस्टम (LMS) की शुरुआत।आचार्य महाप्रज्ञ प्राकृतिक चिकित्सा केन्द्र में नवनिर्मित डीलक्स ब्लॉक, व्यायामशाला, आवासीय क्वार्टर और सत्कार अतिथि गृह का उद्घाटन।
21वीं सदी भारत की शताब्दी-
मेघवाल ने संस्थान के संस्थापक आचार्य तुलसी की दूरदर्शिता की सराहना करते हुए कहा कि इस परिसर में आज भी उनकी नैतिक ऊर्जा का अनुभव होता है। उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि 21वीं शताब्दी एशिया और विशेषकर भारत के नेतृत्व की शताब्दी है। इस अवसर पर उन्होंने स्वरचित कविता ‘हम हैं भारत के लोग’ का गान कर विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति का उत्साह भरा।
कार्यक्रम में उपखंड अधिकारी मीनू वर्मा, जैन विश्व भारती के अध्यक्ष अमरचंद लूंकड़, प्रमोद बैद, प्रकाश बैद, टीकमचंद सेठिया सहित विश्वविद्यालय का स्टाफ व विद्यार्थी उपस्थित रहे।