Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.
केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री ने ब्यावर के रामपुरा दूदा विद्यालय में विज्ञान प्रयोगशाला, कंप्यूटर कक्ष एवं पुस्तकालय का लोकार्पण
जयपुर, (18 जून 2026)। केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत और राजसमंद सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ ने ब्यावर के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, रामपुरा दूदा में नवनिर्मित विज्ञान प्रयोगशाला कक्ष, कंप्यूटर कक्ष एवं पुस्तकालय का गुरुवार को लोकार्पण किया। कार्यक्रम में ब्यावर विधायक शंकर सिंह रावत भी उपस्थित रहे।
समारोह में केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं का सुदृढ़ होना आवश्यक है। विज्ञान प्रयोगशाला, कंप्यूटर कक्ष एवं समृद्ध पुस्तकालय विद्यार्थियों के ज्ञान, कौशल और नवाचार क्षमता के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से उपलब्ध संसाधनों का पूर्ण उपयोग कर शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल करने का आह्वान किया।
सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा राष्ट्र निर्माण की मजबूत आधारशिला है। उन्होंने कहा कि आधुनिक संसाधनों से सुसज्जित विद्यालय विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के अनुरूप तैयार करते हैं। विज्ञान प्रयोगशालाएं वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करती हैं, कंप्यूटर कक्ष डिजिटल दक्षता बढ़ाते हैं तथा पुस्तकालय अध्ययन एवं व्यक्तित्व विकास का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि संसदीय क्षेत्र के विद्यालयों में आवश्यकतानुसार ऐसी सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।
विधायक शंकर सिंह रावत ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को भी शहरी क्षेत्रों के समान आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराना राज्य सरकार एवं जनप्रतिनिधियों की प्राथमिकता है। इन सुविधाओं से विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता में वृद्धि होगी तथा शिक्षा की गुणवत्ता को नया आयाम मिलेगा।
लोकार्पण कार्यक्रम में जवाजा पंचायत समिति के पूर्व प्रधान गणपत सिंह रावत, पूर्व सभापति नरेश कनोजिया, अतिरिक्त जिला कलेक्टर ब्रह्मलाल जाट, जिला शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार शर्मा, ग्राम पंचायत काबरा की प्रशासक पार्वती देवी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, अभिभावक, विद्यालय परिवार, शिक्षकगण, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।