Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.
मुख्यमंत्री के जयपुर से आयोजित कार्यक्रम से चांदसेन के ग्रामीण जुड़े
पीएचईडी मंत्री कन्हैया लाल चौधरी ने रात्रि चौपाल में सुनी आमजन की समस्याएं
जयपुर,(17 मई 2026)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को बगरू के ठीकरिया ग्राम से वीसी के जरिए प्रदेशभर में आयोजित ग्राम रथ समापन समारोह को संबोधित किया। टोंक जिले की मालपुरा विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत चांदसेन में आयोजित ग्राम विकास चौपाल में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ग्रामीणों ने यह लाइव प्रसारण देखा।
इस कार्यक्रम में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री कन्हैया लाल चौधरी, जिला कलेक्टर टीना डाबी समेत जिले के आला अधिकारी भी जुड़े। कार्यक्रम के पश्चात कैबिनेट मंत्री ने रात्रि चौपाल कर ग्रामीणों की व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक समस्याओं को सुना एवं अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने लगभग 70 से अधिक परिवादों को सुना। कैबिनेट मंत्री ने इस दौरान एक घुमंतू गाड़िया लोहार परिवार की बालिका के बीए पास करने पर अपने निजी कोष से स्कूटी प्रदान करने की घोषणा की।
इस अवसर पर जलदाय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में किसानों को सम्मान निधि, पशुपालकों को ब्याजमुक्त ऋण तथा महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। प्रदेश में सहकारिता एवं डेयरी क्षेत्र को मजबूत बनाया जा रहा है तथा किसानों को आधुनिक एवं जैविक खेती अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। इससे किसानों की पैदावार व आय में वृद्धि हो रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री के ऊर्जा संरक्षण एवं स्वच्छ परिवहन के आह्वान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान करते हुए कहा कि वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए आमजन ईंधन का कम उपयोग करें।
ग्राम रथ अभियान बना जनजागरूकता का प्रभावी माध्यम—
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी गई। ग्राम रथों की एलईडी स्क्रीन के माध्यम से राज्य सरकार की उपलब्धियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रसारण किया गया। इसमें ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।इस अवसर पर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी परशुराम धानका, अतिरिक्त जिला कलक्टर विनोद कुमार मीणा, उपखंड अधिकारी कपिल शर्मा समेत विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि, बड़ी संख्या में लाभार्थी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।