Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.
वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान के तहत दलेलपुरा में हुए विविध आयोजन
चारागाह भूमि विकास और तारबंदी कार्यों पर दिया गया विशेष जोर
झुंझुनूं, (30 मई 2026)। वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान के तहत शनिवार को खेतड़ी विधानसभा क्षेत्र के दलेलपुरा गांव में चारागाह भूमि विकास, तारबंदी तथा जल एवं पर्यावरण संरक्षण को लेकर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम के दौरान कलश यात्रा निकाली गई, पीपल पूजन किया गया तथा श्रमदान कर जल संरक्षण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, महिलाओं और जनप्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सैनिक कल्याण सलाहकार समिति अध्यक्ष प्रेम सिंह बाजोर थे, जबकि विशिष्ट अतिथि खेतड़ी विधायक इंजीनियर धर्मपाल गुर्जर, जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग एवं अभियान के संयोजक मुकेश दाधीच रहे।
इस अवसर पर प्रेम सिंह बाजोर ने कहा कि 25 मई से 5 जून तक जिलेभर में वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में पंचायती राज विभाग के नेतृत्व में दलेलपुरा में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल सरकारी कार्यक्रमों का आयोजन करना नहीं, बल्कि आमजन को जल एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक कर उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता से ही जल संरक्षण के प्रयास सफल होंगे और भविष्य में इसके सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे।
जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने अपने संबोधन में जल संरक्षण को वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताते हुए कहा कि वर्षा जल संचयन, पौधारोपण और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में आमजन की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने चारागाह भूमि विकास एवं तारबंदी कार्यों को पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण तथा अधिक से अधिक पौधारोपण करने का संकल्प लिया। साथ ही चारागाह भूमि के संरक्षण एवं विकास के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया गया।
इस अवसर पर पूर्व सांसद नरेंद्र खीचड़, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पुरुषोत्तम धानका, खेतड़ी उपखंड अधिकारी सुनील कुमार चौहान, अभियान के जिला समन्वयक विशंभर पूनिया, जिला संयोजक राकेश शर्मा सहित सैकड़ों ग्रामीण, महिलाएं एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।