Rajasthan Update
Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.

आरपीएससी प्राध्यापक एवं कोच भर्ती परीक्षा : अभ्यर्थी समय से पहले पहुंचें, मूल पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य

झुंझुनूं,( 30 मई 2026)। राजस्थान लोक सेवा आयोग, अजमेर द्वारा प्राध्यापक, प्राध्यापक (कृषि) एवं कोच प्रतियोगी परीक्षा-2025 (माध्यमिक शिक्षा विभाग) में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए आयोग ने महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

आयोग के अनुसार प्रत्येक प्रश्न-पत्र के लिए ओएमआर उत्तर पत्रक के पांचवें विकल्प को भरने हेतु 10 मिनट का अतिरिक्त समय प्रदान किया जाएगा।

अभ्यर्थियों को प्रत्येक परीक्षा सत्र में परीक्षा प्रारम्भ होने के निर्धारित समय से कम से कम 60 मिनट पूर्व परीक्षा केन्द्र में प्रवेश करना होगा। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केन्द्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। सुरक्षा जांच एवं पहचान सत्यापन में लगने वाले समय को देखते हुए अभ्यर्थियों को पर्याप्त समय पूर्व परीक्षा केन्द्र पर पहुंचने की सलाह दी गई है।

परीक्षा केन्द्र पर पहचान के लिए अभ्यर्थियों को नवीनतम एवं मूल रंगीन आधार कार्ड साथ लाना अनिवार्य होगा। यदि आधार कार्ड पर फोटो पुरानी या अस्पष्ट है तो ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट अथवा मतदाता पहचान-पत्र जैसे नवीनतम स्पष्ट रंगीन फोटोयुक्त मूल पहचान-पत्र साथ लाना होगा।

प्रवेश पत्र पर भी नवीनतम स्पष्ट रंगीन फोटो चस्पा होना आवश्यक है। स्पष्ट मूल फोटोयुक्त पहचान-पत्र के अभाव में परीक्षा केन्द्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

आयोग ने अभ्यर्थियों से प्रवेश पत्र के साथ जारी सभी आवश्यक निर्देशों का सावधानीपूर्वक अध्ययन करने का आग्रह किया है।

दलालों एवं फर्जी प्रलोभनों से सावधान रहने की अपील

आयोग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि अभ्यर्थी किसी भी दलाल, मीडिएटर, समाजकंटक अथवा अपराधी के बहकावे में न आएं। यदि कोई व्यक्ति परीक्षा में पास कराने के नाम पर रिश्वत मांगता है या किसी प्रकार का प्रलोभन देता है तो उसकी सूचना प्रमाण सहित जांच एजेंसी एवं आयोग कंट्रोल रूम के दूरभाष नम्बर 0145-2635200, 2635212 एवं 2635255 पर दें।

अनुचित साधनों पर कड़ी कार्रवाई

आयोग ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा में अनुचित साधनों का उपयोग अथवा किसी भी प्रकार के अनुचित कृत्य में संलिप्त पाए जाने पर राजस्थान सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम के अध्युपाय) अधिनियम-2022 के तहत आजीवन कारावास, 10 करोड़ रुपये तक के जुर्माने तथा चल-अचल सम्पत्ति की कुर्की एवं जब्ती जैसी कठोर कार्रवाई की जा सकती है।

गूगल मैप पर पूरी तरह निर्भर न रहें

अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि परीक्षा केन्द्र की लोकेशन के लिए केवल गूगल मैप पर निर्भर न रहें। तकनीकी कारणों से कुछ केन्द्रों की लोकेशन अस्पष्ट हो सकती है। इसलिए परीक्षा दिवस से पूर्व ई-प्रवेश पत्र में अंकित पते का भौतिक सत्यापन कर लें, ताकि परीक्षा के दिन किसी प्रकार की असुविधा या देरी से बचा जा सके।

Leave A Reply

Your email address will not be published.