Rajasthan Update
Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.

विश्व पर्यावरण दिवस पर वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान का हुआ समापन

जल संरक्षण की शपथ दिलाई, पौधों का वितरण किया गया

झुंझुनूं, (5 जून 2026)। जिले में गंगा दशमी (25 मई) से प्रारंभ हुए वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान का समापन शुक्रवार को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर किया गया। जिला स्तरीय समापन समारोह झुंझुनूं स्थित बीड़ कंजर्वेशन रिजर्व में आयोजित हुआ, जिसमें जल संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान आमजन को पर्यावरण संरक्षण, जल बचत तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग से होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए इसके प्रयोग से बचने का आह्वान किया गया।

समारोह में उपस्थित लोगों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई गई तथा पौधों का वितरण कर अधिकाधिक वृक्षारोपण के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान महिलाओं ने कलश यात्रा निकाल कर पानी बचाने का संदेश दिया।

इस अवसर पर झुंझुनूं विधायक राजेंद्र भांबू ने अभियान को सार्थक बताते हुए कहा कि जल एवं पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनभागीदारी से जुड़ा जनआंदोलन है। उन्होंने सभी से अभियान की भावना को अपने जीवन में अपनाते हुए पर्यावरण एवं जल संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रकृति को बचाने का संकल्प लेना होगा। धरती पर जीवन मिला है उसका दायित्व चुकाना होगा। यह अभियान जल संरक्षण के लिए महत्वपूर्ण अभियान है।

मनरेगा आयुक्त पुष्पा सत्यानी ने कहा कि भारत में पूजा का अहम रोल है इसी लिय इस अभियान में जल पूजन, पीपल पूजन जैसी गतिविधियों को जोड़ा गया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने नरेगा के कार्यों में भी सर्वाधिक प्राथमिकता जल संरक्षण के कार्यों को दी है।

जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने अभियान के दौरान जिलेभर में आयोजित विभिन्न गतिविधियों और किए गए कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि जनसहभागिता से जल संरक्षण के क्षेत्र में सकारात्मक परिणाम प्राप्त हुए हैं। अभियान के दौरान 14 हजार गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें 8 लाख लोगों ने भाग लिया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने अभियान चलाया है परंतु हम सबको इसे जन सहभागिता कर जन आंदोलन बनाया है।

कार्यक्रम में पूर्व सांसद नरेंद्र कुमार, पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर, जिला परिषद के सीईओ पुरुषोत्तम धानका, अभियान के जिला समन्वयक विशंभर पूनिया, संयोजक राकेश शर्मा, बनवारीलाल सैनी, कमलकांत शर्मा, डीएफओ काविया पीबी, सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.