Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.
जयपुर, (13 मार्च 2026)। राजस्थान राज्य हज कमेटी के निर्देशानुसार राज्य के सभी हज यात्रियों का टीकाकरण एवं शारीरिक स्वास्थ्य परीक्षण जिला स्तर पर आयोजित टीकाकरण शिविरों के दौरान करवा दिया गया है।
विदेश में प्रवासी भारतीय हज यात्रियों का टीकाकरण अभी शेष है। ऐसे हज यात्री अपने जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी से संपर्क कर टीकाकरण एवं शारीरिक स्वास्थ्य परीक्षण करवाएं तथा अपनी मेडिकल डायरी भरवाकर संबंधित जानकारी ऐप पर ऑनलाइन अपडेट कराएं।
जिन हज यात्रियों ने कोविड का टीका नहीं लगवाया है, वे कोविड टेस्ट करवाकर उसकी नेगेटिव रिपोर्ट अपने पास सुरक्षित रखें तथा मेडिकल डायरी में संबंधित चिकित्सक से उसका उल्लेख करवाएं।
जो हज यात्री चिकित्सकीय रूप से अनफिट हैं, वे अपना नाम एवं कवर नंबर स्टेट हज कमेटी को लिखित रूप में उपलब्ध कराएं, ताकि समय रहते नियमानुसार उनकी हज अदायगी राशि वापस की जा सके।
चयनित स्टेट हज इंस्पेक्टर का नाम एवं मोबाइल नंबर हज सुविधा ऐप पर उपलब्ध है। हज यात्री ऐप में लॉगिन कर अपने स्टेट हज इंस्पेक्टर से संपर्क करें तथा हज सुविधा ऐप और स्मार्ट वॉच की उपयोगिता के बारे में जानकारी प्राप्त कर हज यात्रा के दौरान इनका उपयोग करें, जिससे यात्रा को सरल और सुगम बनाया जा सके।
हज यात्रियों को अपना पासपोर्ट स्वयं के पास सुरक्षित रखना होगा। पासपोर्ट के फटने, तेल या पानी से खराब होने अथवा गुम होने की स्थिति में हज 2026 पर जाना संभव नहीं होगा। हज यात्री पासपोर्ट रिपोर्टिंग के समय अपने साथ रखें तथा रवानगी से पूर्व हज फ्लाइट टिकट एवं संबंधित सामग्री प्राप्त करें।
हज यात्री अपने वीजा की प्रति से पासपोर्ट में अंकित फोटो, नाम, पिता का नाम, पासपोर्ट संख्या आदि का सावधानीपूर्वक मिलान कर लें। यदि किसी प्रकार की त्रुटि पाई जाती है तो तत्काल स्टेट हज कमेटी को प्रार्थना पत्र भेजकर उसे ठीक करवाएं।
स्टेट हज इंस्पेक्टर पासपोर्ट रिपोर्टिंग के समय हज हाउस, जयपुर से पासपोर्ट प्राप्त करें तथा नियुक्त हज यात्रियों से संपर्क कर उन्हें हज यात्रा से संबंधित नवीनतम जानकारी उपलब्ध करवाते रहें।