Rajasthan Update
Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.

घरेलू उपभोक्ताओं के लिए रसोई गैस की पर्याप्त उपलब्धता, चिंता की आवश्यकता नहीं: शासन सचिव, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग

सभी जिलों के रसद अधिकारियों को निर्देश—घरेलू उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर की सुचारु आपूर्ति हो सुनिश्चित

जयपुर, (11 मार्च 2026)। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के शासन सचिव अम्बरीष कुमार ने बुधवार को सचिवालय में घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा को लेकर सभी जिलों के जिला रसद अधिकारियों की वीसी के माध्यम से महत्वपूर्ण बैठक ली। बैठक में शासन सचिव ने बताया कि घरेलू उपभोक्ताओं के लिए रसोई गैस पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है तथा इस संबंध में आशंकित होने की कोई आवश्यकता नहीं है।

बैठक के दौरान शासन सचिव ने सभी जिला रसद अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रदेश में कहीं भी घरेलू गैस सिलेंडर आपूर्ति में दिक्कत नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि आम उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध हो और वितरण व्यवस्था में किसी प्रकार की बाधा न आए। उन्होंने कहा कि तेल एवं गैस कंपनियों के साथ समन्वय बनाकर पर्याप्त मात्रा में गैस सिलेंडरों की समयबद्ध आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है, जिससे उपभोक्ताओं को किसी भी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े।

श्अम्बरीष कुमार ने विशेष रूप से शैक्षणिक संस्थानों, अस्पतालों और अन्य आवश्यक सेवाओं से जुड़े संस्थानों में गैस सिलेंडरों की निर्बाध आपूर्ति बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विभाग इस बात के लिए प्रतिबद्ध है कि इन संस्थानों में गैस की आपूर्ति किसी भी परिस्थिति में प्रभावित न हो। उन्होंने निर्देश दिए कि यदि किसी शैक्षणिक संस्थान, अस्पताल या अन्य आवश्यक सेवा से जुड़े संस्थान को गैस सिलेंडर की आपूर्ति को लेकर कोई समस्या आती है, तो संबंधित जिला रसद अधिकारी तत्काल हस्तक्षेप करते हुए उसका शीघ्र समाधान सुनिश्चित करें।

बैठक में अतिरिक्त खाद्य आयुक्त पूनम सागर सहित खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के सभी वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। इसके साथ ही विभिन्न तेल एवं गैस कंपनियों के प्रतिनिधियों ने भी बैठक में भाग लिया और राज्य में गैस सिलेंडरों की आपूर्ति व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने पर चर्चा की गई।

Leave A Reply

Your email address will not be published.