Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.
Sign in
Sign in
Recover your password.
A password will be e-mailed to you.
जयपुर, (11 जुलाई 2024)। ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने गुरूवार को राज्य विधान सभा में बताया कि सलूम्बर विधान सभा क्षेत्र के सराड़ा में 132 केवी जीएसएस का कार्य मार्च, 2025 तक पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि धीमी गति से कार्य होने के कारण फर्म का कार्यादेश 26 दिसम्बर 2022 को निरस्त किया जा चुका है। वर्तमान में उक्त जीएसएस का शेष कार्य विभागीय स्तर पर किया जा रहा है।
नागर शून्यकाल में सलूम्बर विधायक अमृतलाल मीणा द्वारा पर्ची के माध्यम से इस सम्बन्ध में उठाये गए मामले पर जवाब दे रहे थे। उन्होंने बताया कि उक्त जीएसएस की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति 28 अगस्त, 2019 को जारी की गई थी। तत्पश्चात् 31 अगस्त, 2020 को संशोधित स्वीकृति जारी की गई एवं 17 मई, 2021 को कार्यादेश जारी किया गया। उन्होंने बताया कि अब यह जीएसएस मार्च, 2025 तक स्थापित किया जाना लक्षित है। यहां सभी 29 स्टब सेटिंग का कार्य पूर्ण हो चुका है। कंट्रोल रूम का 50 प्रतिशत तथा 102 फाउंडेशन में से 68 का कार्य पूरा कर लिया गया है। साथ ही, 20 फाउंडेशन पर स्ट्रक्चर का निर्माण हो चुका है।
नागर ने कहा कि ब्लास्टिंग की आवश्यकता होने के कारण कार्य धीमी गति से हो रहा है, जिसके चलते उपकरणों की स्थापना में विलम्ब हो रहा है। उन्होंने सदन को आश्वस्त किया कि जीएसएस का कार्य लक्षित समय सीमा में पूर्ण कर लिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि उदयपुर में स्वीकृत 400 केवी जीएसएस का कार्य भी शीघ्र शुरू कर दिया जाएगा।