Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.
जर्जर और भवन रहित प्राथमिक एवं उप स्वास्थ्य केन्द्रों के भवन निर्माण का कार्य पूरा कराया जाएगा — चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री
जयपुर, (4 जुलाई 2024)। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह ने गुरूवार को विधानसभा में आश्वासन दिया कि राज्य सरकार द्वारा प्रदेश के जर्जर और भवन रहित प्राथमिक एवं उप स्वास्थ्य केन्द्रों के भवन निर्माण का कार्य पूरा करवाया जाएगा।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री प्रश्नकाल के दौरान सदस्यों द्वारा इस संबंध में पूछे गए पूरक प्रश्नों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र भादरा में भवन रहित 5 प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में से 4 के भवन निर्माणाधीन हैं तथा एक प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र के लिए भूमि उपलब्ध है। इसी प्रकार भवन रहित 23 उप स्वास्थ्य केन्द्रों में से 12 केन्द्रों के भवन निमार्णाधीन है तथा 6 उप स्वास्थ्य केन्द्रों के भवन निर्माण हेतु भूमि उपलब्ध हैं। एक उप स्वास्थ्य केन्द्र हेतु निविदा जारी की जाकर भवन निर्माण करवाया जाएगा।
इससे पहले विधायक संजीव कुमार के मूल प्रश्न के लिखित जवाब में गजेन्द्र ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र भादरा में 5 प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र भवन रहित हैं। इनमें से 4 प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों के भवन निर्माणाधीन हैं। उन्होंने बताया कि 23 उप स्वास्थ्य केन्द्र भवन रहित है, इनमें से 12 उप स्वास्थ्य केन्द्रों के भवन निमार्णाधीन है। एक उप स्वास्थ्य केन्द्र हेतु निविदा जारी की जाकर भवन निर्माण करवाया जावेगा।
उन्होंने बताया कि भूमि उपलब्ध एक प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, 6 उप स्वास्थ्य केन्द्रों तथा अन्य 4 उप स्वास्थ्य केन्द्रों का चालू/आगामी वित्तीय वर्षो में वित्तीय संसाधनों की उपलब्धता एवं गुणावगुण के आधार पर भूमि/भवन निर्माण करवाये जाने पर विचार किया जा सकेगा।