Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.
मुख्य सचिव ने राजस्थान में संचालित विकास योजनाओं के सम्बंध में केन्द्रीय अधिकारियों के साथ चर्चा कर प्रगति से अवगत करवाया
जयपुर, (6 जुलाई 2026)। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने सोमवार को नई दिल्ली में केन्द्र सरकार के कई आला अधिकारियों से भेंट कर राज्य के विकास से सम्बंधित महत्वपूर्ण बिन्दुओं पर चर्चा की और अद्यतन प्रगति से अवगत करवाया।
मुख्य सचिव ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सलाहकार तरुण कपूर के साथ भेंट कर राजस्थान में औद्योगिक निवेश, रोजगार संवर्धन, विकास, विभिन्न केन्द्र और राज्य प्रवर्तित योजनाओं, नवाचारों की सफलता की चर्चा की। मुख्य सचिव ने बताया कि गत 4 जुलाई को प्रधानमंत्री जी द्वारा राजस्थान यात्रा में किए गए विभिन्न प्रोजेक्ट्स के उद्घाटन और शिलान्यास विकसित राजस्थान@2047 और विकसित भारत@2047 के लक्ष्यों को पूरा करने में बहुत महत्वपूर्ण कदम साबित होंगे।
मुख्य सचिव ने केन्द्रीय केबिनेट सचिवालय में सचिव (समन्वय) डॉ. मनोज गोविल के साथ बैठक कर राजस्थान में डीरेग्यूलेशन और कम्पलायंस रिडक्शन फेज—2 की प्रगति की जानकारी दी। सेवा तीर्थ में हुई इस बैठक में डॉ. मनोज गोविल ने राजस्थान की प्रशंसा करते हुए उम्मीद जताई कि फेज—1 की तरह फेज—2 में भी राजस्थान टॉप राज्यों में शामिल रहेगा। मुख्य सचिव ने जानकारी दी कि राईजिंग राजस्थान की सफलता के साथ ही राज्य में डीरेग्यूलेशन और कम्पलायंस रिडक्शन की सफलता से ईज ऑफ लिविंग और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को काफी प्रोत्साहन मिला है। इस बैठक में कई अन्य सम्बंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे।
मुख्य सचिव ने कर्तव्य भवन में केन्द्रीय व्यय सचिव श्री वी. वुअलनाम से मुलाकात कर केन्द्र प्रवृत्त योजनाओं की राजस्थान में प्रगति, मदर सेंक्शन सहित कई मामलों पर चर्चा की।
मुख्य सचिव ने कर्तव्य भवन में केन्द्रीय राजस्व सचिव अरविन्द श्रीवास्तव के साथ बैठक कर जीएसटी से सम्बंधित विभिन्न मुद्दों, जीएसटी स्लैब रिफॉर्म के बाद जीएसटी कलेक्शन में आये सकारात्मक परिवर्तन पर चर्चा की। मुख्य सचिव ने कर्तव्य भवन में ही केन्द्रीय रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह के साथ मेक इन इण्डिया समेत कई बिन्दुओं पर वार्ता की।