Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.
जयपुर, (11 फरवरी 2026)। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने कहा है कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रस्तुत राज्य का वर्ष 2026—27 का बजट स्वास्थ्य सेवाओं को नई ऊँचाइयों पर ले जाने के साथ ही प्रदेश के सर्वांगीण विकास का स्पष्ट रोडमैप प्रस्तुत करता है। उन्होंने कहा कि उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी द्वारा प्रस्तुत बजट में महिला, युवा, गरीब, किसान सहित सभी वर्गों के उत्थान एवं विकसित राजस्थान का दूरदर्शी विजन है। यह बजट आमजन को सुलभ, सस्ती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।
चिकित्सा मंत्री ने कहा कि बजट में वंचित पात्र परिवारों को मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना का लाभ दिलाने के उद्देश्य से पंचायत स्तर पर आरोग्य शिविरों का आयोजन करने की महत्वपूर्ण घोषणा की गई है, जिससे हर परिवार को नि:शुल्क उपचार का लाभ मिल सकेगा। जयपुर स्थित जेके लोन अस्पताल में 500 बेड क्षमता का अत्याधुनिक आईपीडी टावर स्थापित होने से शिशु एवं बाल स्वास्थ्य सेवाओं का व्यापक विस्तार होगा। प्रदेश के प्रमुख चिकित्सा महाविद्यालयों जयपुर, अजमेर, बीकानेर, उदयपुर, कोटा और जोधपुर के संबद्ध अस्पतालों में 500 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक विश्राम गृहों का निर्माण होने से मरीजों के परिजनों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
खींवसर ने कहा कि प्रदेश में चरणबद्ध रूप से 500 अतिरिक्त ड्रग डिस्ट्रीब्यूशन काउंटर स्थापित किए जाने की घोषणा से दवा वितरण प्रणाली अधिक पारदर्शी और सुलभ बनेगी। सड़क दुर्घटना, प्रसूति एवं हार्ट अटैक जैसी आपात स्थितियों में त्वरित उपचार सुनिश्चित करने हेतु राज सुरक्षा योजना लागू की जाएगी, जिससे आपातकालीन चिकित्सा तंत्र और अधिक प्रभावी होगा। इसी प्रकार मानसिक स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए राज ममता योजना प्रारंभ करने की घोषणा की गई है। प्रत्येक जिला मुख्यालय पर मानसिक स्वास्थ्य केयर सेल भी स्थापित किए जाएंगे। बदलती जीवनशैली एवं बढ़ती प्रतिस्पर्धा के दौर में मानसिक स्वास्थ्य की दृष्टि से यह पहल अत्यंत महत्वपूर्ण सिद्ध होगी।
चिकित्सा मंत्री ने कहा कि अस्पताल परिसरों में स्वच्छ एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के लिए अटल आरोग्य फूड कोर्ट हेतु 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जो मरीजों और परिजनों के लिए राहतकारी प्रयास है। इसी प्रकार दुर्घटना में मृत व्यक्ति की पार्थिव देह को सम्मानपूर्वक घर तक पहुंचाने के लिए मोक्ष वाहिनी योजना शुरू करने की घोषणा संवेदनशील कदम है।
खींवसर ने कहा कि बजट में सड़क, फ्लाईओवर एवं राज्य मार्गों के विकास के साथ ही नगरीय निकायों में 7 लाख स्ट्रीट लाइट्स लगाने का प्रावधान किया गया है। युवाओं के लिए रोजगार सृजन, स्टार्टअप प्रोत्साहन एवं कौशल विकास कार्यक्रमों का विस्तार किया गया है। साथ ही, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का विस्तार भी बजट की महत्वपूर्ण विशेषता है।
उन्होंने कहा कि यह बजट विकसित, स्वस्थ और सशक्त राजस्थान का मजबूत दस्तावेज है। इन घोषणाओं से प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था और अधिक संवेदनशील, सुदृढ़ एवं जनकेंद्रित बनेगी।