Rajasthan Update
Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.

प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महा अभियान योजना की राज्य स्तरीय एपेक्स कमेटी की बैठक आयोजित

सहारिया जनजाति के समग्र विकास की प्रगति की समीक्षा

जयपुर, (30 जनवरी 2026)। प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महा अभियान (पीएम जनमन) योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, अंतरविभागीय समन्वय एवं प्रगति की समीक्षा के लिए राज्य स्तरीय एपेक्स कमेटी की बैठक शुक्रवार को सचिवालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने की। बैठक में जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग द्वारा पीएम जनमन योजना के अंतर्गत राज्य में संचालित विभिन्न हस्तक्षेपों की विस्तृत प्रगति से अवगत कराया गया।

मुख्य सचिव ने बैठक में निर्देश दिए कि पीएम जनमन योजना के सभी हस्तक्षेपों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए तथा विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ सहारिया जनजाति के जीवन स्तर में स्थायी सुधार लाया जाए। उन्होंने कहा कि यह योजना सामाजिक न्याय और समावेशी विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

बैठक में बताया गया कि राजस्थान में विशेष रूप से संवेदनशील जनजातीय समूह के रूप में केवल सहारिया जनजाति निवासरत है, जो मुख्यतः बारां जिले के किशनगंज एवं शाहबाद ब्लॉकों में केंद्रित है। जिले में सहारिया जनसंख्या लगभग 1.30 लाख है, जो 424 बसावटों एवं 324 राजस्व ग्रामों में निवास करती है। प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महा अभियान योजना के अंतर्गत सहारिया परिवारों को बुनियादी सुविधाओं से संतृप्त करने की दिशा में ठोस प्रगति दर्ज की गई है।

बैठक में पक्के आवास निर्माण की प्रगति की समीक्षा करते हुए बताया गया कि चयनित मॉडल ग्रामों में आवासीय सुविधाओं का व्यापक विस्तार किया गया है। बारां जिले के भवतीपुरा जैसे ग्रामों में मॉडल कॉलोनियों का निर्माण कर सुरक्षित और सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराया गया है, जिससे सहारिया परिवारों के जीवन स्तर में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।सड़क संपर्कता के क्षेत्र में पीएमजीएसवाई के अंतर्गत सहारिया बहुल 39 बसावटों को जोड़ने के लिए सड़कों का निर्माण किया जा रहा है। विभिन्न ग्रामों को जोड़ने वाली सड़कों के निर्माण से आवागमन, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं आजीविका के अवसरों में सुधार आया है। स्वास्थ्य सेवाओं के अंतर्गत मोबाइल मेडिकल यूनिट्स के माध्यम से दूरस्थ बसावटों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं तथा नियमित चिकित्सा शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।

बैठक में शिक्षा से जुड़े हस्तक्षेपों की भी समीक्षा की गई। सहारिया विद्यार्थियों के लिए छात्रावासों का निर्माण एवं संचालन किया जा रहा है, जिससे उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के बेहतर अवसर मिल सकें। विद्युतिकरण के क्षेत्र में बताया गया कि जिले में 17,633 लक्षित परिवारों में से 16,023 परिवारों को बिजली कनेक्शन प्रदान किए जा चुके हैं और शेष कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।जल जीवन मिशन के अंतर्गत सहारिया परिवारों को नल से जल उपलब्ध कराने की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। अधिकांश बसावटों में 100 प्रतिशत घरेलू नल कनेक्शन उपलब्ध कराए जा चुके हैं। साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण एवं संचालन के माध्यम से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ किया गया है।

आजिविका संवर्धन के लिए वन धन विकास केंद्रों की स्थापना की गई है, जहां स्व-सहायता समूहों को आजिविका से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त बहुउद्देशीय केंद्रों का निर्माण कर सामुदायिक गतिविधियों के लिए आधारभूत ढांचा विकसित किया गया है। दूरसंचार सुविधाओं के विस्तार हेतु मोबाइल टावर स्थापना की प्रगति की भी समीक्षा की गई।बैठक में कौशल विकास के अंतर्गत सहारिया युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने के लिए पीएमकेवीवाई के तहत 500 युवाओं को प्रशिक्षण देने की योजना पर चर्चा की गई। अब तक सैकड़ों युवाओं का पंजीकरण एवं प्रशिक्षण पूर्ण किया जा चुका है, जिससे उन्हें भविष्य में रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे।

बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग श्री कुंजी लाल मीणा सहित ग्रामीण विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, ऊर्जा, लोक निर्माण, दूरसंचार एवं अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.