Rajasthan Update
Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.

बाड़मेर में जल जीवन मिशन-2 के तहत शेष कार्य तय समय में होंगे पूरे -जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री

जयपुर, (30 जनवरी 2026)। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री कन्हैया लाल चौधरी ने शुक्रवार को विधानसभा में कहा कि जल जीवन मिशन की गाइडलाइन मार्च, 2024 तक की थी, लेकिन दुर्भाग्यवश पिछली सरकार के कार्यकाल में हुए भ्रष्टाचार के कारण यह कार्य निर्धारित समय में पूर्ण नहीं हो सका। इसके बाद केंद्र सरकार द्वारा योजना के तहत शेष रहे कार्यों को पूरा करने की दिशा में जल जीवन मिशन-2 की घोषणा की गई। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा बाड़मेर जिले में शेष रहे कार्यों को निर्धारित समय में पूर्ण किया जाएगा।

चौधरी प्रश्नकाल के दौरान सदस्य रविंद्र सिंह भाटी द्वारा पूछे गए पूरक प्रश्नों का उत्तर दे रहे थे। उन्होंने बताया कि बाड़मेर जिले में जल जीवन मिशन के अधूरे कार्यों के लिए निविदाएं जारी कर दी गई हैं। जिले के 83 गांवों के लिए जारी निविदाओं के अंतर्गत कार्य दिसंबर, 2027 तक पूर्ण किए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। बाड़मेर लिफ्ट पेयजल परियोजना के पैकेज संख्या सीपी-03 के तहत गूंगा गांव में चल रहे कार्य मार्च, 2027 तक पूर्ण कर लिए जाएंगे।

जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री ने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत किए जा रहे कार्यों की प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सबंधित परियोजना खंड धोरीमन्ना एवं आरआईजीईपी बाड़मेर एक्सईएन कार्यालयों के मुख्यालय परिवर्तन के सम्बन्ध में सकारात्मक कार्यवाही करने के लिए आश्वस्त किया।

इससे पहले विधायक के मूल प्रश्न के लिखित जवाब में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री ने कहा कि जिला बाड़मेर में अवस्थित सभी 1642 ग्रामों को जल जीवन मिशन अंतर्गत घर-घर जल कनेक्शन द्वारा लाभान्वित करने हेतु 47 वृहद परियोजना, लघु योजनाओं की स्वीकृतियां जारी की गई है। इसके अंतर्गत बाड़मेर में 3 लाख 76 हजार 583 जल कनेक्शन जारी किये जाने के लिए स्वीकृति दी गई, जिसमें से वर्तमान में 50 हजार 529 कनेक्शन जारी किये जा चुके हैं। योजनावार विवरण उन्होंने सदन के पटल पर रखा।

 चौधरी ने बताया कि स्वीकृत दो वृहद परियोजनाओं जायका वित्त पोषित ‘नर्मदा नहर आधारित पेयजल परियोजना‘ एवं ‘बाड़मेर लिफ्ट पेयजल परियोजना फेज-द्वितीय‘ भाग-स के अंतर्गत जिला बाड़मेर में 3 लाख 366 जल कनेक्शन जारी किए जाने हैं, जिनके कार्य प्रगतिरत है।

जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री ने जानकारी दी कि जिला बाड़मेर के 822 ग्रामों को जायका वित्त पोषित नर्मदा नहर आधारित पेयजल परियोजना द्वारा लाभान्वित किया जाना प्रस्तावित है। इसके अंतर्गत 822 ग्रामों में 2 लाख 38 हजार 166 जल कनेक्शन जारी किये जाने हेतु स्वीकृत है। वर्तमान में परियोजना के पैकेज संख्या सीपी-02 के क्रियान्वयन के लिए कार्यादेश अगस्त, 2025 को जारी किया गया है। इसके अंतर्गत बाड़मेर के 384 ग्रामों में 93 हजार 107 कनेक्शन जारी किए जाएंगे। शेष 438 ग्रामों में स्वीकृत 1 लाख 45 हजार 59 जल कनेक्शन जारी करने हेतु पैकेज संख्या सीपी-03 एवं सीपी-04 की निविदा प्रक्रियाधीन है।

उन्होंने बताया कि इसी प्रकार बाड़मेर के 346 ग्रामों को जल जीवन मिशन योजनान्तर्गत लाभान्वित करने हेतु बाड़मेर लिफ्ट पेयजल परियोजना फेज-द्वितीय भाग-स का कार्यादेश जुलाई, 2025 को जारी किया गया। इसमें 62 हजार 200 कनेक्शन जारी किये जाएंगे।

चौधरी ने बताया कि मिशन के अंतर्गत बाड़मेर के ग्रामीण क्षेत्रों में मुख्य ग्राम से दूर स्थित एकल घरों/खेतों में स्थित घरों के अलावा ग्रामों एवं ढाणियों को पेयजल की उपलब्धता, तकनीकी फिजीबिलिटी व वित्तीय संसाधनों की उपलब्धता अनुसार घर-घर जल संबंधों द्वारा लाभान्वित किया जाएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.