Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.
कृषि उपज मण्डी समिति फलोदी को नियमानुसार होगा भूमि आवंटन
स्वायत्त शासन राज्य मंत्री - प्रस्तावित भूमि के भू-उपयोग परिवर्तन का कार्य प्रक्रियाधीन
जयपुर, (30 जनवरी 2026)। स्वायत्त शासन राज्य मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने शुक्रवार को विधानसभा में कहा कि कृषि उपज मण्डी समिति फलोदी को मूलभूत सुविधाओं के लिए शीघ्र ही भूमि का आवंटन कर दिया जाएगा। अभी प्रस्तावित भूमि के भू-उपयोग परिवर्तन का कार्य प्रगति पर है।
खर्रा ने सदन में कहा कि कृषि उपज मण्डी समिति फलोदी ने राजस्थान भू-आवंटन नीति-2025 के तहत मुख्य मण्डी में खसरा नं. 705/39 की 52 हजार 200 वर्ग फुट भूमि रियायती दर/निःशुल्क आवंटन के लिए आवेदन किया था। उन्होंने कहा कि मास्टर प्लान में यह भूमि बस स्टैंड के लिए आरक्षित है। इस पर नगर परिषद फलोदी द्वारा भू-उपयोग परिवर्तन की कार्यवाही के तहत वरिष्ठ नगर नियोजक जोधपुर एवं मुख्य नगर नियोजक से परीक्षण करा लिया गया है। इसके बाद नियमानुसार आवंटन कर दिया जाएगा।
स्वायत्त शासन मंत्री प्रश्नकाल के दौरान सदस्य पब्बाराम विश्नोई द्वारा पूछे गए पूरक प्रश्नों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि कृषि उपज मण्डी समिति फलोदी अथवा कृषि विपणन बोर्ड, बाप की ओर से गौण मण्डी निर्माण के लिए भूमि आवंटन का आवेदन प्राप्त होने पर नीति अनुसार परीक्षण कराया जाएगा।
इससे पहले सदस्य के मूल प्रश्न के लिखित जवाब में स्वायत्त शासन मंत्री ने बताया कि नगर परिषद फलोदी द्वारा कृषि उपज मण्डी समिति को अब तक भूमि का आवंटन नही किया गया है। वरिष्ठ नगर नियोजक जोधपुर से तकनीकी राय ली गई है, जिसमें उन्होंने भूमि का प्रयोजनार्थ आवंटन अनुज्ञेय होना बताया है। परिषद द्वारा राज्य सरकार को भू-उपयोग परिवर्तन स्वीकृति के लिए प्रकरण भेजा गया है।