Rajasthan Update
Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.

गोगामेड़ी की हत्या करने वाला शूटर भूख हड़ताल पर

जयपुर,(15 अगस्त 2024)। राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या करने वाला शूटर 6 दिन से भूख हड़ताल पर है। शूटर रोहित राठौड़ भरतपुर सेंट्रल जेल, सेवर में बंद है। वह दूसरी जेल में शिफ्ट करने की मांग कर रहा है। रोहित को राज बहादुर मेमोरियल (आरबीएम) हॉस्पिटल के जेल वार्ड में रखा गया है। उसने खाना खाने से मना कर दिया है।

रोहित के 6 दिन से भूखे रहने से जेल प्रशासन काफी परेशान है। जेल अधीक्षक परमजीत सिंह ने जेल विभाग को इसकी जानकारी दी है। हालांकि इस विषय को लेकर अभी तक कोई निर्णय नहीं लिया गया है।

जेल प्रशासन का कहना है कि रोहित को 19 मई 2024 को अजमेर जेल से भरतपुर जेल शिफ्ट किया गया था। इसके बाद से वह आराम से जेल में रह रहा था। अब उसका कहना है कि यहां पर उसका मन नहीं लग रहा है, इसलिए दूसरी जेल में शिफ्ट किया जाए।

शूटर रोहित राठौड़ और नितिन फौजी ने 5 दिसंबर 2023 को गोगामेड़ी को जयपुर के श्याम नगर स्थित उनके घर में घुसकर गोली मारी थी।

जेल अधीक्षक बोले- हॉस्पिटल में भर्ती कराया –

भरतपुर सेंट्रल जेल अधीक्षक परमजीत सिंह ने बताया- रोहित राठौड़ को कोर्ट के आदेश पर राज बहादुर मेमोरियल (आरबीएम) हॉस्पिटल में भर्ती करवा दिया गया है। उसकी तबीयत जेल में रहने के दौरान ठीक थी। वह इस जेल से दूसरी जेल में जाने की मांग कर रहा है। सीनियर अधिकारियों को इसे लेकर जानकारी दे दी गई है। वहां से जो भी आदेश होंगे, उसके अनुसार कार्यवाही करेंगे।

समझाने की कोशिश कर रहे –

जेल प्रशासन का कहना है कि जेल के नियमों के अनुसार कैदी को कई अधिकार हैं। इसे लेकर सीनियर अधिकारियों को जानकारी दे दी गई है। हालांकि उसकी तबीयत ठीक है। उसे समझाने का पूरा प्रयास किया जा रहा है। अगर कैदी नहीं मानता तो जेल नियमों के अनुसार डॉक्टर की सलाह पर उसे फोर्स फीडिंग कराए जाने का भी प्रावधान है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.