Rajasthan Update
Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.

जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री ने ग्राम रथ अभियान के तहत मकराना के मिण्डकिया में आयोजित रात्रि चौपाल में सुनी ग्रामीणों की समस्याएं

ग्रामीणों को अभियान के तहत योजनाओं का लाभ लेने के लिए किया प्रेरित

जयपुर, (14 मई 2026)। राजस्थान सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में जनकल्याणकारी योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं आमजन को योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ग्राम रथ अभियान के तहत बुधवार को डीडवाना—कुचामन जिला प्रभारी एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री श्री कन्हैयालाल चौधरी ने मकराना विधानसभा क्षेत्र के ग्राम मिण्डकिया में आयोजित रात्रि चौपाल में शिरकत की।

इस अवसर पर प्रभारी मंत्री ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के विकास एवं किसानों व पशुपालकों के उत्थान के लिए लगातार कार्य कर रही है तथा प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का कार्य राज्य सरकार द्वारा किया जा रहा है।

इस दौरान उन्होंने 23 से 25 मई 2026 तक जयपुर में आयोजित होने वाले ग्राम-2026 कार्यक्रम में अधिकाधिक किसानों की भागीदारी करने का आह्वान किया।

प्रभारी मंत्री चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार हर वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध हैं। राज्य सरकार निरंतर राज्य को प्रगति के पथ पर आगे बढ़ाने के लिए अग्रसर है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाने के लिए ग्राम रथ अभियान का संचालन किया जा रहा है।

रात्रि चौपाल में जिला प्रभारी मंत्री चौधरी ने ग्रामीणों की पेयजल आपूर्ति, जल जीवन मिशन के कार्य, विद्युत,कृषि योजनाओं एवं अन्य विभागों से संबंधित समस्याओं की सुनवाई की, जिनके त्वरित समाधान हेतु संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया। साथ ही उन्होंने गर्मी के मौसम के मद्देनजर ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित रूप से सुचारु पेयजल आपूर्ति करने के लिए जलदाय विभाग के अधिकारियों को विशेष निर्देश दिये।

इस दौरान कला जत्था के कलाकारों एवं अधिकारियों द्वारा विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई और पात्र लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर रात्रि चौपाल में जिला कलक्टर अवधेश मीना सहित सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.