Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.
अध्यक्ष देवनानी ने आरिफ मोहम्मद खां का किया अभिवादन
राज्यपाल के साथ देवनानी की हुई वक्फ कानून सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा
जयपुर, (17 अप्रैल 2025)। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने गुरूवार को बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खां के विधान सभा पहुँचने पर पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया। देवनानी ने खां का दुपट्टा पहनाकर अभिवादन किया। विधान सभा अध्यक्ष ने राज्यपाल खां को विधान सभा डायरी, कैलेण्डर और नवाचारों का एक वर्ष पुस्तक की प्रति भेंट की।
राज्यपाल और विधान सभा अध्यक्ष के मध्य चर्चा- बिहार के राज्यपाल खां और राजस्थान विधान सभा अध्यक्ष देवनानी के मध्य बिहार और राजस्थान राज्यों के विभिन्न विषयों, वक्फ संशोधन विधेयक 2025, पुलिस से सम्बंधित पुराने समय से चले आ रहे ऐसे कानून जिन्हें स्वतन्त्र भारत में नये परिवेश में बदलाव किये जाने की आवश्यकता है और दोनों राज्यों के विधानमण्डलों से सम्बन्धित विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।
विधान सभा का सदन व भवन देखा राज्यपाल ने – विधान सभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने बिहार के राज्यपाल खां को राजस्थान विधान सभा का भवन और सदन का अवलोकन कराया। देवनानी ने खां को बताया कि राजस्थान विधान सभा को वन नेशन-वन एप्लीकेशन नेवा के तहत पेपरलैस किये जाने के लिए सदन में प्रत्येक विधायक की सीट पर आइपैड लगाये गए है। उन्होंने बताया कि सदन को गुलाबी नगर जयपुर की तर्ज पर गुलाबी रंग के नये कलेवर में तैयार किया गया है। बिहार के राज्यपाल खां ने विधान सभा के सदन और कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ राजस्थान जैसी पहलों की सराहना करते हुए अध्यक्ष देवनानी को नवाचारों के लिए बधाई और शुभकामनाएं दीं।
बिहार के राज्यपाल ने राजस्थान विधान सभा की दैनन्दिनी के प्रकाशन को बताया ऐतिहासिक – बिहार के राज्यपाल खां ने नवसंवत्सर 2082 के माह चैत्र शुक्ल, प्रतिपदा से विधानसभा दैनन्दिनी को आरम्भ किये जाने के प्रकाशन को ऐतिहासिक बताया है। देवनानी ने बताया कि विधान सभा की दैनन्दिनी में महापुरूषों के चित्रों का भी समावेश किया गया है, ताकि लोग उनके आदर्श जीवन से प्रेरणा ले सके। इस वर्ष की दैनन्दिनी में भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर, वीर शिरोमणी महाराणा प्रताप, भगवान महावीर, डॉ. ए.पी.जे अब्दुल कलाम, सुभाष चन्द्र बोस, डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्ण, सरदार वल्लभ भाई पटेल, केसरी सिंह बारहठ, अरविन्द घोष, स्वामी विवेकानंद, अहिल्या बाई होल्कर और भगत सिंह के चित्रों का समावेश किया गया है।