Rajasthan Update
Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.

150वीं जयंती पर भगवान बिरसा मुंडा को किया नमन

प्रभारी मंत्री ओटाराम देवासी के मुख्य आतिथ्य में झालावाड़ में जनजातीय संस्कृति, संघर्ष और स्वाभिमान के जश्न के रूप में मनाया गौरव दिवस

जयपुर, (15 नवम्बर 2025)। भगवान बिरसा मुंडा जी की 150वीं जयंती के अवसर पर शनिवार को झालावाड़ में जिला स्तरीय ‘‘जनजातीय गौरव दिवस’’ कार्यक्रम उत्साहपूर्वक मनाया गया, जिसमें ग्रामीण विकास, पंचायतीराज, आपदा प्रबंधन, सहायता एवं नागरिक सुरक्षा विभाग के राज्य मंत्री एवं झालावाड़ जिले के प्रभारी मंत्री ओटाराम देवासी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
प्रभारी मंत्री देवासी ने अपने संबोधन में कहा कि बिरसा मुंडा जी जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम के महानायक थे, जिन्होंने ब्रिटिश उपनिवेशवाद और धर्मांतरण के प्रयासों के विरुद्ध आवाज उठाई। उन्होंने कहा कि भारत सरकार द्वारा उनकी जयंती को जनजाति गौरव दिवस के रूप में मनाने का निर्णय जनजातीय समुदाय के गौरव, संघर्ष और योगदान को सम्मान देने का प्रतीक है।
उन्होंने यह भी बताया कि जनजाति गौरव दिवस मनाने का उद्देश्य न केवल जनजातीय समुदाय की सांस्कृतिक धरोहर को सम्मान देना है, बल्कि उनके उत्थान हेतु योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन करना भी है। केंद्र सरकार की पीएम जनमन योजना, धरती आबा ग्राम उत्थान अभियान, वन धन विकास केन्द्र और एकलव्य मॉडल विद्यालय जैसी प्रमुख योजनाएँ जनजातीय समुदाय को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
प्रदर्शनी का किया अवलोकन, पात्र लाभार्थियों को किया लाभान्वित
राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के ऑडिटोरियम में आयोजित इस जिला स्तरीय समारोह में प्रभारी मंत्री ओटाराम देवासी द्वारा जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग की योजनाओं एवं उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया गया। साथ ही मनरेगा व्यक्तिगत लाभ योजना, स्वामित्व योजना अंतर्गत पट्टा वितरण, प्रधानमंत्री आवास योजना के स्वीकृति पत्र, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना तथा तारबंदी योजना के लाभार्थियों को लाभ वितरित किए गए।
 
विभिन्न प्रतिभाओं एवं समाज सेवियों, विद्यार्थियों को किया सम्मानित
कार्यक्रम में समाज सेवा, शिक्षा और जनजातीय क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले 10 विशिष्ट व्यक्तियों को भी प्रभारी मंत्री द्वारा सम्मानित किया गया। इनमें सुनेल प्रधान सीता बाई भील, पूर्व प्रधान डॉ. अरुणा मीणा, जिला परिषद् सदस्य लाली बाई, पूर्व सरपंच राम सिंह, उप जिला प्रमुख बैनाथ मीणा जैसे समाजसेवी शामिल थे। साथ ही, योजनान्तर्गत प्रभावी मॉनिटरिंग के लिए अधिशाषी अभियंता अभियांत्रिकी ब्रजपाल सिंह को, तथा शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए डॉ. अंजली मीणा (आरएएस चयन) और हेमराज मीणा (आरएसीएस चयन) को सम्मानित किया गया। बालिका आश्रम छात्रावास मनोहरथाना में वार्डन के रूप में बेहतर कार्य करने पर अपर्णा शर्मा तथा आवासीय विद्यालय में बेहतर कार्य प्रबंधन के लिए राजेन्द्र कुमार आर्य को भी सम्मान प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त कक्षा 10वीं, 12वीं एसटी वर्ग में अच्छे अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने डूंगरपुर में आयोजित कार्यक्रम में जनजातीय विकास कार्यों को नई दिशा देते हुए 62 करोड़ रुपये की लागत के 31 कार्यों का शिलान्यास तथा 25 करोड़ रुपये की लागत के 31 कार्यों का लोकार्पण किया। इसके अलावा किसानों और जनजातीय छात्र-छात्राओं को विभिन्न योजनाओं के तहत कुल 204 करोड़ रुपये की राशि डीबीटी की गई। कृषि एवं उद्यान विभाग की योजनाओं के अंतर्गत किसानों को फार्म पॉन्ड, डिग्गी, पाईपलाइन, तारबंदी, कृषि यंत्र, वर्मी कम्पोस्ट, ड्रिप व मिनी फव्वारा प्रणाली, प्याज भण्डारण कक्ष और सौर पम्प जैसे घटकों के लिए 200 करोड़ रुपये की अनुदान राशि भी डीबीटी की गई।
जनजातीय गौरव दिवस के इन आयोजनों ने यह संदेश स्पष्ट रूप से दिया कि राज्य और केंद्र सरकारें जनजातीय समुदाय के समग्र विकास, सांस्कृतिक संरक्षण और सामाजिक सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रतिबद्ध हैं। विशेष रूप से प्रभारी मंत्री ओटाराम देवासी की उपस्थित और नेतृत्व ने झालावाड़ जिले में इस दिवस को अत्यंत महत्वपूर्ण और प्रेरणादायक बनाया। इस दौरान आदिवासी वेशभूषा में बच्चों द्वारा आदिवासी नृत्य की प्रस्तुति भी दी गई जिसे उपस्थित अतिथियों द्वारा खूब सराहा गया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.